बिना शासकीय अनुमति मेडिकल कैम्प लगाने की तैयारी, शिविर से पहले पुलिस ने 4 लोगों पर की कार्रवाई, वाहन सहित 7.18 लाख की दवाइयां जब्त
Preparations were underway to organize a medical camp without official permission; police took action against four individuals prior to the event and seized medicines worth ₹7.18 lakh along with a vehicle.
बालोद : बालोद जिला के ग्राम कोरगुड़ा में बिना वैध शासकीय अनुमति मेडिकल कैम्प लगाने की तैयारी कर रहे चार व्यक्तियों के खिलाफ थाना बालोद पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने मौके से वाहन सहित बड़ी तादाद में RETROS कंपनी की दवाइयां, सप्लीमेंट्री और हेल्थ प्रोडक्ट तथा मेडिकल कैम्प में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है. जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 18 हजार 597 रुपये बताई गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक 1 अक्टूबर 2026 को थाना बालोद को मुखबिर से खबर मिली कि ग्राम पंचायत भवन कोरगुड़ा में चार लोग वाहन नम्बर CG07 AQ 7352 से पहुंचे हैं और मेडिकल कैम्प लगाने के नाम पर ग्रामीणों को इलाज के लिए इकठ्ठा कर रहे हैं. खबर पर थाना बालोद पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची.
मौके पर चार लोग मेडिकल कैम्प लगाने की तैयारी करते पाए गए. पुलिस द्वारा उनसे मेडिकल कैम्प संचालित करने संबंधी सरकारी अनुमति और वैधानिक दस्तावेज पेश करने को कहा गया. लेकिन वे मौके पर कोई वैध अनुमति पत्र पेश नहीं कर सके. वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देने के बाद चारों व्यक्तियों को वाहन एवं बरामद सामग्री सहित थाना बालोद लाया गया.
इन चार लोगों पर कार्रवाई
पुलिस ने राजेश कुमार कोठारी उम्र 40 साल निवासी ग्राम हरंडडा, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, टी. वेंकटेश राव उम्र 47 साल निवासी हुडको भिलाई, सुरेन्द्र पटेल उम्र 29 साल निवासी ग्राम सिंगारपुर, जिला कबीरधाम और मोहित कुमार रक्सेल उम्र 38 साल निवासी करगाडीह, उतई, जिला दुर्ग के खिलाफ कार्रवाई की है.
बड़ी तादाद में दवाइयां और हेल्थ प्रोडक्ट जब्त
वाहन की तलाशी के दौरान RETROS कंपनी के विभिन्न उत्पाद बरामद हुए. इनमें Memory Granue, Lady Care Tablet, Uric Acid Control Capsule, RETROS Renzova Capsule, Kidney Care Tablet, Piles Care Tablet, Men’s Charge Capsule, Thyroid Care, Flax Seed Softgel, Bone Health Care Tablet, Multivitamin Tablet, Ortho Care, Women’s Healthcare, Liver Care, Omega Capsule, Easy Slim 3 in 1 Powder, Heart CRE Powder, Detox Power Juice, Amrit Boost Juice, Castro Gen Syrup, Diabo Care Tablet, BP-Care Tablet, Energy Booster Powder, Pain Relief Oil, Fat Cleaner, B-Safe Syrup, Nili Bringadi Thail, EZY Leaf Green Tea, Suvarna Prashan सहित अन्य सामग्री शामिल है.
इसके अलावा वाहन, वायर, बिजली बोर्ड, पुराना Canon प्रिंटर, लैपटॉप, Quantum Resonance Magnetic Analyzer मशीन, वेट मशीन सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया.
पुलिस ने पंचनामा के आधार पर वाहन, दवाइयों, हेल्थ प्रोडक्ट एवं अन्य सामग्री समेत कुल ₹7,18,597/- की सामग्री जब्त की है. मामले में धारा 106 BNSS के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित अनुमति एवं दस्तावेजों की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
बालोद पुलिस ने की नागरिकों से अपील
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा मेडिकल कैम्प, उपचार या दवाई वितरण के नाम पर गतिविधि संचालित किए जाने पर उसकी वैधता एवं संबंधित विभाग की अनुमति की जानकारी जरुर लें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी फौरन पुलिस को दें.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



