प्रभारी प्राचार्य की शर्मनाक हरकत, स्टाफ को छुट्टी देकर ऑफिस में बुलाया, फिर 9वीं की छात्रा से छेड़छाड़, मामला दबाने दी धमकी, मां ने प्रिंसिपल को मारे थप्पड़
Shameful act by the in-charge principal: he sent the staff home but summoned a Class 9 student to his office, then molested her and threatened to suppress the matter; the girl's mother slapped the principal.
महासमुंद/अछोला : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सरकारी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पर 9वीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है. घटना अछोला गांव स्थित सरकारी हाई स्कूल की है. आरोप है कि घटना के बाद प्रभारी प्राचार्य जीवनलाल देवांगन छात्रा के घर पहुंचे और मामले को दबाने की कोशिश की. इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर तुमगांव पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को आधे दिन की छुट्टी के बाद स्कूल से कई छात्र-छात्राएं घर जा चुके थे. इसी दौरान प्रभारी प्राचार्य जीवनलाल देवांगन ने छात्रा को अपने कक्ष में बुलाया. आरोप है कि वहां उन्होंने छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की. घटना के बाद डरी हुई छात्रा घर पहुंची और अपनी मां को पूरी बात बताई.
छात्रा के परिजनों के मुताबिक घटना के कुछ देर बाद प्रभारी प्राचार्य उसके घर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने मामले को दबाने की कोशिश की. इस दौरान छात्रा की मां ने शिक्षक को थप्पड़ मार दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
मामले में शिक्षक का ब्रेथ एनालाइजर से अल्कोहल टेस्ट किए जाने की बात सामने आई है. शिकायतकर्ताओं का दावा है कि जांच के दौरान शिक्षक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. हालांकि, इस आरे में पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं.
मामले में यह भी बताया गया है कि जीवनलाल देवांगन के खिलाफ वर्ष 2015-16 में तुरेंगा स्कूल में पदस्थ रहने के दौरान छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत के आरोप में जुर्म दर्ज हुआ था. उस समय तत्कालीन जिला पंचायत सीईओ ने उन्हें सस्पेंड किया था. बाद में अदालत से जमानत मिलने के बाद उनकी बहाली हुई और उन्हें अछोला हाई स्कूल में पदस्थ किया गया.
तुमगांव थाना क्षेत्र के इस मामले में पुलिस आरोपी प्रभारी प्राचार्य जीवनलाल देवांगन को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस छात्रा के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है. फिलहाल, मामले से जुड़े सभी आरोपों की जांच की जा रही है. जांच के निष्कर्ष और पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही आगे की स्थिति साफ होगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



