बारिश के बीच बरपा सर्पदंश का कहर, जमीन पर मां के साथ सो रही 12 साल की छात्रा को सांप ने डसा, इलाज के दौरान हुई मौत, परिवार में पसरा मातम
Snakebite tragedy strikes amidst the rains; a 12-year-old schoolgirl, sleeping on the floor beside her mother, was bitten by a snake and died during treatment, plunging the family into mourning.
बिलासपुर/चकरभाठा : बिलासपुर जिले में बारिश के साथ सर्पदंश की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ार में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में जहरीले सांप के डसने से 12 साल की छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना से परिवार में मातम पसर गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कड़ार में मृतका अनु कुमारी सूर्यवंशी पिता शनि कुमार सूर्यवंशी सातवीं कक्षा में पढ़ती थी और घटना के वक्त अपनी मां के साथ घर में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी. इसी दौरान बिस्तर में पहुंचे सांप ने उसे डस लिया. सांप के डसने का अहसास होते ही छात्रा ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी. जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुट गए. लेकिन उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी. यह मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है.
परिजन नाजुक हालत में छात्रा को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर अस्पताल प्रबंधन की तरफ से पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. इस घटना से परिवार में मातम पसर गया है. इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है.
बारिश के मौसम में बढ़ रहा खतरा
बारिश के मौसम में ग्रामीण और शहरी इलाकों में सांपों के घरों में घुसने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. पानी और नमी के चलते सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों तक पहुंच जाते हैं. ऐसे में खासकर जमीन पर सोने वाले परिवारों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू इलाज में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाना जरूरी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



