सरकारी स्कूल में तांत्रिक उपद्रव, पक्षी की बलि देकर क्लासरुम में तंत्र-मंत्र क्रिया, स्टूडेंट्स और पैरेंट्स में दहशत का माहौल, अंधविश्वास या साजिश?

Tantric disturbance in a government school, tantric rituals in the classroom after sacrificing a bird, an atmosphere of panic among students and parents, superstition or conspiracy?

सरकारी स्कूल में तांत्रिक उपद्रव, पक्षी की बलि देकर क्लासरुम में तंत्र-मंत्र क्रिया, स्टूडेंट्स और पैरेंट्स में दहशत का माहौल, अंधविश्वास या साजिश?

दुर्ग : दुर्ग जिले के केलाबाड़ी स्थित प्राथमिक और मिडिल स्कूल परिसर में तंत्र-मंत्र किया गया है. असामाजिक तत्वों ने स्कूल में तोड़फोड़ कर टेबल-कुर्सी में आग भी लगा दी. जिससे बच्चों और शिक्षकों में दहशत का माहौल बन गया है.
एक हफ्ते  पहले स्कूल के क्लासरुम के बाहर चुनरी, माला और गोबर-मिट्टी से तंत्र-मंत्र जैसे निशान बनाए गए थे. यही नहीं, क्लासरूम के अंदर भी इस तरह के निशान पाए गए. शिक्षकों ने इस मामले की शिकायत पहले भी पुलिस से की थी. लेकिन इसके बावजूद घटनाएं नहीं रुकी.
अब प्राथमिक स्कूल में असामाजिक तत्वों ने टेबल-कुर्सियों के साथ अहम दस्तावेजों को जला दिया है. इसके अलावा क्लासरुम के पंखे और लाइट तक तोड़ दिए. बिजली के बोर्ड भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए हैं. बोर के केबल भी जला दिए.
इससे पहले शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल बोरसी में प्रिंसिपल ऑफिस के ठीक सामने तंत्र-मंत्र कर कोयल की बलि दी गई थी. केलाबाड़ी परिसर में प्राथमिक और मिडिल स्कूल संचालित होता है. जहां पहली से 8वीं तक की कक्षाएं लगती हैं. लेकिन लगातार हो रही घटनाओं की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. स्कूल आने वाले छोटे बच्चों में डर बना हुआ है. वहीं शिक्षक भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. छात्रों और शिक्षकों के बीच दहशत का माहौल है.
आज के दौर में जब वैज्ञानिक सोच और तार्किक शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है. ऐसे कृत्य समाज की मानसिकता पर सवाल खड़े करते हैं. क्या यह अंधविश्वास है या डर फैलाने की सोची-समझी कोशिश?
पुलिस ने जांच शुरु कर दी है. स्कूल प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. अब देखना यह है कि प्रशासन सिर्फ कार्रवाई तक सीमित रहता है या समाज में जागरुकता की दिशा में भी ठोस कदम उठाता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB