जींस पहनने पर टीचर को लौटाने का आरोप, शिक्षक संघ ने किया संयुक्त संचालक पर कार्रवाई की मांग, अपमानजनक व्यवहार पर दी आंदोलन की चेतावनी
Teacher accused of turning away students for wearing jeans; teachers' union demands action against joint director, warns of agitation over disrespectful behavior
कोंडागांव : कोंडागांव में बस्तर संभाग के शिक्षा विभाग में एक सीनियर अधिकारी पर टीचर को अपमानित करने का आरोप लगा है. संयुक्त संचालक (शिक्षा) पर विकासखंड केशकाल के एक शिक्षक को जींस-शर्ट पहनने के कारण ऑफिस से बाहर लौटाने का गंभीर आरोप है.
इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ ने कड़ी आपत्ति जताते हुए उच्च स्तरीय कार्रवाई की मांग की है. टीचर नेताम का आरोप है कि संयुक्त संचालक ने उन्हें सख्त लहजे में कहा कि वे जींस पहने वालों से नहीं मिलते हैं.
‘कारण बताओ नोटिस’ का जवाब देने गए थे ऑफिस
पीड़ित शिक्षक प्रकाश कुमार नेताम ने इस बारे में विधायक और उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजी है. शिकायत के मुताबिक यह घटना 10 अक्टूबर 2025 को हुई थी. शिक्षक नेताम अपनी डेली डायरी में त्रुटि के कारण जारी ‘कारण बताओ नोटिस’ का जवाब देने संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर के कार्यालय गए थे.
शिक्षक नेताम का आरोप है कि उन्हें देखते ही संयुक्त संचालक ने सख्त लहजे में कहा कि वह “जींस पहने वालों से नहीं मिलते हैं” और उनके ऑफिस में जींस पैंट पहनना ‘वर्जित’ है. यह टिप्पणी करते हुए, उन्हें तुरंत कार्यालय से बाहर जाने को कहा गया.
पहनावे को मुद्दा बनाकर अपमान करने का आरोप
शिकायतकर्ता शिक्षक नेताम ने पत्र में बताया है कि संयुक्त संचालक के इस व्यवहार से उन्हें काफी आहत, व्यथित और अपमानित महसूस हुआ है. उन्होंने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि जब वह एक संवेदनशील मुद्दे पर वहां मौजूद थे. तब उनके पहनावे को मुद्दा बनाकर इस तरह का अपमानजनक व्यवहार किया गया.
महा आंदोलन की चेतावनी
इस घटना से बस्तर संभाग के शिक्षकों में नाराजगी है. सभी शिक्षक संगठनों ने बस्तर संभाग के संयुक्त संचालक (शिक्षा) के खिलाफ तुरंत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है. शिक्षक संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर 7 दिनों के अंदर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे ‘महा-आंदोलन’ करेंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



