उपसरपंच चुनने गांव में हो गया तनाव, 6 ग्रामीण घायल, इधर दो पंचायतों में उप सरपंच चुनाव के दौरान मारपीट और बवाल, जांच में जुटी पुलिस
Tension arose in the village during the election of the deputy sarpanch, 6 villagers were injured, meanwhile in two panchayats there was a fight and uproar during the deputy sarpanch election, police started investigation
उपसरपंच चुनने गांव में हो गया तनाव, 6 ग्रामीण घायल
जगदलपुर : जगदलपुर जिले के तारापुर पंचायत में जमकर बवाल हुआ. उप सरपंच के चुनाव में दो पक्षो के बीच मारपीट हुई. उपसरपंच के लिए 2 उम्मीदवार खड़े हुए थे. इनके समर्थकों में लाठी डंडे के साथ मारपीट हुई. गांव में तनाव के हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया.
यह बकावंड ब्लाक के तारापुर पंचायत का मामला है. इस मारपीट में 6 लोग घायल हुए. जिनका महारानी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. नगरनार थाना में 4 लोगों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज किया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI
दो पंचायतों में उप सरपंच चुनाव के दौरान मारपीट और बवाल, जांच में जुटी पुलिस
रायपुर/धरसींवा : त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद शनिवार को जनपद पंचायत धरसींवा के 78 ग्राम पंचायतों में उप सरपंच का चुनाव आयोजित किया गया. इस चुनाव के दौरान ग्राम गिरौद और दोदेंकला में जमकर मारपीट और बवाल हुआ. जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
ग्राम पंचायत गिरौद में उप सरपंच चुनाव के दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा. भागवत प्रसाद वर्मा ने सिलतरा चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि वह पंचायत भवन के बाहर खड़ा था. तभी दोपहर करीब 2:30 बजे चुनाव परिणाम आया. जिसमें समीर नायक की जीत हुई. भागवत वर्मा ने समीर नायक को बधाई दी और कहा कि गांव में बाउंसर मत लाया करो. इसी बात पर वहीं खड़े रमाकांत नायक ने गाली-गलौच करते हुए हाथ में पहने चूड़ा-कड़ा से भागवत वर्मा के सिर पर हमला कर दिया. जिससे वह लहूलुहान हो गया. इसके बाद रमाकांत के पिता सालिक राम नायक ने भी हाथ-मुक्के से मारपीट की. घटना की रिपोर्ट सिलतरा थाने में दर्ज की गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
दोदेंकला में उप सरपंच चुनाव के दौरान हंगामा
ग्राम पंचायत दोदेंकला में उप सरपंच चुनाव के दौरान भारी हंगामा और मारपीट हुई. पंचायत की कुर्सियां तक तोड़ दी गई. चुनाव में आत्माचरण चेलक और उमेश साहू प्रत्याशी थे. चुनाव प्रक्रिया के तहत पीठासीन अधिकारी ने नामांकन भरने का समय 11:30 से 12:30 तक निर्धारित किया था. आत्माचरण चेलक ने समय पर अपना नामांकन दाखिल कर दिया. लेकिन उमेश साहू समय रहते अपना नामांकन दाखिल नहीं कर पाए.
नामांकन समय खत्म होने के बाद पीठासीन अधिकारी ने कई बार नामांकन दाखिल करने की घोषणा की. लेकिन उमेश साहू समय पर नामांकन नहीं भर सके. इस कारण आत्माचरण चेलक को निर्विरोध उप सरपंच घोषित कर दिया गया.
इस फैसले से नाराज होकर हारे हुए प्रत्याशी उमेश साहू, राजेंद्र साहू, चंद्रशेखर साहू, ओम साहू, सोहन साहू, ओम वर्मा, बलराम बघेल और उनके समर्थकों ने पीठासीन अधिकारी, पंचायत सचिव और गांव के कोटवाल के साथ झूमा-झटकी की और पंचायत की कुर्सियां तोड़ दी.
घटना की शिकायत जनपद पंचायत धरसींवा के सीईओ से की गई है. वहीं ग्राम पंचायत दोदेंकला के सरपंच अरविंद ठाकुर ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है. दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस जांच में जुट गई है. ग्रामवासियों में इस घटना को लेकर आक्रोश है. और जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



