ओडिशा सीमा से लगे आरक्षित वन में अवैध जुताई करते ट्रैक्टर पर वन विभाग ने कसा शिकंजा, मौके से वाहन जब्त, मची अफरा-तफरी, जांच जारी
The Forest Department cracked down on a tractor engaged in illegal ploughing within the reserved forest bordering Odisha; the vehicle was seized at the scene, causing a commotion, and an investigation is underway.
गरियाबंद : गरियाबंद जिले में आरक्षित वन भूमि पर अवैध कब्जे और खेती की कोशिशों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की. शनिवार को ओडिशा सीमा से लगे आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से ट्रैक्टर चलाकर जुताई किए जाने की खबर पर वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी और जुताई में लगे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. इस कार्रवाई के बाद वन भूमि पर कब्जा करने की मंशा रखने वालों में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक वनमंडलाधिकारी ससिगानंदन के. के निर्देश और उप वनमंडलाधिकारी मनोज कुमार चंद्राकर के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र इंदागांव (देवभोग) अंतर्गत परिक्षेत्र सहायक वृत्त अमलीपदर के परिसर कोतराडोंगरी स्थित वन कक्ष क्रमांक 1004 आरएफ में विशेष अभियान चलाया गया.
वन अमले को खबर मिली कि कुछ लोग आरक्षित वन भूमि को खेती लायक बनाने के मकसद से ट्रैक्टर से जुताई कर रहे हैं. खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जबकि जुताई में इस्तेमाल महिंद्रा युवो टेक + 405 डीआई ट्रैक्टरनम्बर CG 23 P 7628 को मौके से जब्त कर लिया गया. वन विभाग ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर वन अपराध मामला दर्ज कर लिया.
वन विभाग ने जब्त ट्रैक्टर के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक POR No. 20964/04, दर्ज कर लिया. मामले में संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है. और वन अधिनियम के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरु कर दी गई है. अगर जांच में वन भूमि पर कब्जे या अतिक्रमण का प्रयास साबित होता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



