मेंढक निकालने कुएं में उतरा बेटा नहीं लौटा, बचाने पिता भी कूद गया, दोनों की तैरती मिलीं लाशें, मौत की वजह बनी रहस्य
The son who went down the well to take out the frog did not return, the father also jumped in to save him, the bodies of both were found floating, the reason of death remains a mystery
बिलासपुर/सीपत : सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम ऊनी में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाले हादसे में बाप-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई. घर के पीछे बने कुएं में पहले बेटा गिरा. फिर उसे बचाने गए पिता की भी जान चली गई. यह मामला सोमवार शाम करीब 5 बजे का है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम ऊनी निवासी पेशे से ड्राइवर कैलाश गोस्वामी उम्र 40 साल ससुराल बलौदा बाजार के अमोदी गांव से अपने घर ऊनी स्थित घर आया था. उसने कुछ दिन पहले अपने घर के पीछे एक रिंगनुमा कुआं बनवाया था. कुएं की सफाई न होने से उसमें बदबू फैल रही थी और कई मेंढक मरे पड़े थे. इन्हीं मेंढकों को निकालने की कोशिश में कैलाश का बेटा अंशु गोस्वामी उम्र 15 साल (कक्षा 9वीं का छात्र) कुएं में गिर गया. बेटे को गिरते देख कैलाश उसे बचाने कुएं में कूद पड़ा.
अंदाजा लगाया जा रहा है कि कुएं में जहरीली गैस या करंट लगने या पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट कारण के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
ग्रामीणों ने शाम 7 बजे पुलिस को खबर दी. मौके पर पहुंची सीपत पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला. एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया था. बताया गया कि कुआं करीब 25 फीट गहरा था और उसमें करीब 5 फीट पानी भरा हुआ था. घटना के समय कैलाश की पत्नी की तबीयत खराब थी और वह घर के भीतर सो रही थी. जिससे उसे हादसे की जानकारी देर से मिल सकी. फिलहाल सीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. यह हादसा पूरे गांव को झकझोर गया है और क्षेत्र में शोक का माहौल है.
मृतक के छोटे बेटे आर्यन कक्षा 7वी के छात्र ने बताया कि उसी दिन घर का बिजली कनेक्शन दोबारा चालू किया गया था. लेकिन कुछ देर बाद बिजली चली गई. साथ ही, जब कुएं से पानी निकालने की कोशिश की गई. तो उसमें से तेज़ बदबू आई. कुएं में एक मरा हुआ मेंढक दिखा. परिवार का शक है कि पानी में करंट फैल गया हो या फिर कोई जहरीली गैस हो.. जिसकी वजह से बाप-बेटे की मौत हो गई.
घटना ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है. दोनों की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की बातें चल रही है. एक ही दिन में पिता और बेटे को खो चुके परिवार की हालत बेहद दयनीय है. बीमार पत्नी और छोटे बेटे के सामने अब जीवन की कठिन चुनौती खड़ी हो गई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



