महिला का बहला-फुसलाकर अपहरण, जबरन कार में ले जाकर दुष्कर्म, मदद करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त, युवती सकुशल बरामद

Woman abducted after being lured; forcibly taken in a car and raped; four accused involved in the crime arrested; vehicle seized; young woman recovered safely.

महिला का बहला-फुसलाकर अपहरण, जबरन कार में ले जाकर दुष्कर्म, मदद करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त, युवती सकुशल बरामद

जांजगीर-चांपा/पामगढ़ : जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में महिला को बहला-फुसलाकर जबरन कार में ले जाने और उसके साथ दुकर्म की वारदात में मदद करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस मामले में मुख्य आरोपी रमेश श्रीवास को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है. अब पुलिस ने वारदात में साजिश कर मदद करने वाले चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने वारदात में इस्तमाल कार को भी बरामद कर जब्त कर लिया है.
पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला को अज्ञात लोगों द्वारा झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने की खबर मिली थी. खबर मिलते ही पामगढ़ पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में पुलिस टीम ने महिला को सकुशल बरामद कर लिया.
पूछताछ में सामने आई पूरी घटना
महिला से पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त 2026 की रात आरोपी रमेश श्रीवास निवासी भैंसो और उसके साथियों ने उसे बहला-फुसलाकर जबरदस्ती कार में बैठाया था. महिला ने इसका विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया. लेकिन आरोपी रमेश श्रीवास ने उसका मुंह हाथ से बंद कर दिया. इसके बाद आरोपी महिला को कार से रायगढ़ की तरफ ले गया. रायगढ़ पहुंचने के बाद उसके साथ मौजूद अन्य आरोपी वहां से चले गए. इसके बाद मुख्य आरोपी रमेश श्रीवास द्वारा महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किए जाने की बात जांच में सामने आई. मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रमेश श्रीवास उम्र 40 साल निवासी ग्राम भैंसो, थाना पामगढ़ को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था.
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटना में उसके साथ शामिल अन्य लोगों की लगातार तलाश कर रही थी. पुलिस को मुखबिर से मिली खबर के आधार पर चार संदिग्धों को पकड़ा गया. पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा वारदात में मदद करने की बात कबूल किए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सिंह उम्र 36 साल निवासी भैंसो, प्रमोद श्रीवास उम्र 30 साल निवासी भैंसो थाना पामगढ़, इंद्र कुमार धीवर उम्र 40 साल निवासी ब्यासनगर पामगढ़ और उमेश यादव उर्फ भोलू उम्र 23 साल निवासी ब्यासनगर पामगढ़ के रूप में हुई है. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.  मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर जब्त किया है. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सूचना मिलने के बाद महिला की सकुशल बरामदगी को प्राथमिकता दी गई. इसके बाद पूछताछ और जांच के आधार पर मुख्य आरोपी तथा उसके सहयोगियों की भूमिका सामने आई. पुलिस ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके साथ घटना में मदद करने वाले आरोपियों की तलाश जारी रखी और मुखबिर तंत्र की मदद से चारों को पकड़ लिया.
पुलिस की इस कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी सहित थाना स्टाफ का अहम योगदान रहा. पुलिस ने मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है. घटना में इस्तेमाल कार की जब्ती और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?