धान की रखवाली कर रहे थे दंपती की दंतैल हाथी ने कुचलकर ले ली जान, खेत में मिली पति-पत्नी की लाश, इलाके में दहशत का माहौल
A couple guarding paddy fields were crushed to death by a tusker; the bodies of the husband and wife were found in the field, creating an atmosphere of panic in the area.
सरगुजा : हाथी प्रभावित क्षेत्र प्रतापपुर में 28 नवंबर की रात दंतैल हाथी ने खलिहान में धान की रखवाली कर रहे दंपती को कुचलकर मार डाला. हाथी के हमले से हुई मौतों से पूरे गाँव में दहशत का आलम है. लोग घरों में दुबके हुए हैं. यह मामला भटगांव थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 28 नवंबर की रात प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के कपसरा बिसाही मोड़ गांव में कबिलास राजवाड़े उम्र 45 साल अपनी पत्नी धनियारो उम्र 40 साल के साथ अपने काटे गए धान की फसल की रखवाली के लिए खलिहान में सोए हुए थे. शीत और सर्द हवाओं से बचने के लिए उन्होंने आम पेड़ के नीचे एक झोपड़ीनुमा झाला बनाया था. दंपती रात में वहीं सोए हुए थे.
रात करीब दो बजे दंतैल हाथी कबिलास राजवाड़े के झाले के पास पहुंच गया. हाथी ने बगल में मौजूद अहाते की दीवार को लात मारकर तोड़ दिया. दीवार की ईंटें झाले से टकराई तो दोनों पति-पत्नी झाले से बाहर निकले. जैसे ही वे बाहर आए. उनका सामना दंतैल हाथी से हो गया. हाथी ने दोनों को सूंड से उठाकर पटक दिया और कुचल दिया. इस हमले में दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई.
हाथी के गांव में आने पर लोग दहशत में आ गए. तड़के दोनों का शव देखकर खबर वन विभाग के कर्मियों को दी गई. खबर पर सूरजपुर रेंजर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे. शव को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया.
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क किया है कि क्षेत्र में इन दिनों हाथियों का दल घूम रहा है. लिहाजा अंधेरा होने के बाद अकेले बाहर न निकलें. विभाग ने ग्रामीणों को चेताया है कि वे फिलहाल जंगलों की तरफ न जाएं और पूरी सतर्कता बरतें. विभाग ने पीड़ित परिवार को हर तरह से सरकारी, आर्थिक मदद का भरोसा दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



