गाउन-मुखौटा पहनने वाला चोर गिरोह, कटर से ज्वेलरी शॉप का शटर लॉक तोड़ा, बोरे में सोने-चांदी के गहने भरकर फरार, CCTV में कैद 5 चोरों की टोली
A gang of thieves wearing gowns and masks broke the shutter lock of a jewellery shop with a cutter, fled with gold and silver jewellery in a sack, a gang of 5 thieves caught on CCTV
बिलासपुर/मस्तूरी : बिलासपुर में नाइटी और मुखौटा चोर गिरोह नजर आया है. चोरों ने रविवार की रात एक ज्वेलरी शॉप का ताला तोड़कर लाखों रुपए के गहने पार कर दिए. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के जयरामनगर का है.
मिली जानकारी के मुताबिक कोटमीसोनार के रहने वाले संजय सोनी रोज की तरह रविवार देर शाम संजय ज्वेलर्स दुकान बंद कर घर चले गए. सोमवार की सुबह लोगों ने देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ है. कुछ ही देर में यह खबर व्यापारियों तक पहुंच गई. खबर मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची.
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी वीडियो की जांच की. जिसमें 5 चोर शटर तोड़कर अंदर घुसते दिखे. फिर दुकान के अंदर रखे सोने-चांदी के गहनों को बोरी में भरकर ले गए. हालांकि चोरी की ज्वेलरी की मात्रा और कीमत का पता नहीं चल सका है. पुलिस की टीम सर्च डॉग और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से चोरों की तलाश कर रही है.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोर गैंग के पांच सदस्य घटना में शामिल थे. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि सभी चोर नाइटी पहने हुए थे और उन्होंने अपने चेहरे पर कार्टून के मुखौटे लगा रखे थे. इससे साफ है कि गिरोह ने पहले से पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया और पहचान छिपाने के लिए अजीब वेशभूषा अपनाई.
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर रात करीब 2 बजे के बाद दुकान का शटर तोड़कर भीतर दाखिल हुए और अंदर रखे गहनों को बोरियों में भरकर फरार हो गए. हालांकि संचालक के मुताबिक वह हर दिन की तरह कीमती सोने के गहने घर ले जाते थे और दुकान में सिर्फ कुछ चांदी के गहने और शो के लिए रखे नकली जेवर ही मौजूद थे.
मस्तूरी टीआई हरीश तांडेकर ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि चोर गिरोह केवल चांदी के गहने और शो केस के गहने ले गया है. जिसकी कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार रुपये है. बावजूद इसके जिस तरीके से गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया. वह बेहद चौंकाने वाला है और इससे साफ है कि जिले में एक संगठित और चालाक अपराधी गिरोह सक्रिय हो सकता है. चोरी की यह घटना न सिर्फ व्यापारियों के बीच दहशत की वजह बनी है. बल्कि यह भी दर्शाती है कि अब अपराधी अत्याधुनिक सुरक्षा उपायों को भी मात देने की योजना के साथ आते हैं. खासकर छोटे शहरों में ऐसे संगठित अपराधों का बढ़ना कानून-व्यवस्था के लिए एक गंभीर चेतावनी है. पुलिस ने आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरु कर दिए हैं और संदिग्धों की पहचान में जुटी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



