दिल दहलाने वाली घटना, नदी में डूबता बच्चा बचा, बचाने वाला योगेंद्र ठाकुर लापता, तेज धार बहा युवक, तलाश में जुटी SDRF टीम, परिजन बेचैन
A heart wrenching incident, a drowning child was saved in the river, the rescuer Yogendra Thakur is missing, the young man was swept away by the strong current, SDRF team is searching, family is worried
दुर्ग : दुर्ग जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. पुलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवनाथ नदी के पुल पर मंगलवार की शाम एक 12 साल के बच्चे की जान बचाने की कोशिश में 28 साल का युवक योगेंद्र ठाकुर लापता हो गया. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब 5 बजे खेलते-खेलते एक 12 साल का बच्चा अचानक शिवनाथ नदी के पुल से नीचे जा गिरा. नदी का तेज बहाव और गहराई देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए. लेकिन इस मुसीबत की घड़ी में दो युवकों ने बिना पल गंवाए अपनी जान की परवाह न करते हुए नदी में छलांग लगा दी.
इनमें से एक थे योगेंद्र ठाकुर और उनका एक साथी.. दोनों ने दिलेरी दिखाते हुए बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की. तेज बहाव के बीच जूझते हुए योगेंद्र का साथी किसी तरह बच्चे को सुरक्षित किनारे तक ले आया. लेकिन इस कोशिश में योगेंद्र खुद नदी की भेंट चढ़ गए.
इस घटना की खबर मिलते ही पुलगांव पुलिस और एसडीआरएफ की टीम फौरन मौके पर पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु हुआ. लेकिन शिवनाथ नदी का तेज बहाव और गहराई ने बचाव कार्य को मुश्किल बना दिया.
एसडीआरएफ के जवान हबीब खान ने बताया कि “नदी की गहराई और तेज धार की वजह से सर्च ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण है. हमारी टीम दिन-रात योगेंद्र की तलाश में जुटी है और लगातार मेहनत कर रही है. लेकिन अभी तक योगेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला.”
गांव के सरपंच ने कहा, “योगेंद्र ने एक बच्चे की जान बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी. हमारी पूरी उम्मीद है कि एसडीआरएफ की टीम उसे जल्द ढूंढ लेगी.” योगेंद्र के परिवार और गांव वाले नदी किनारे डटे हुए हैं. स्थानीय लोग योगेंद्र की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.
गांव के सरपंच ने योगेंद्र को सच्चा हीरो बताते हुए कहा कि उसने अपनी जान की परवाह न करते हुए मासूम को नई जिंदगी दी. यह घटना न सिर्फ एक बड़े हादसे का सबब बनी. बल्कि इंसानियत और साहस की मिसाल भी पेश कर गई. अब सबकी निगाहें रेस्क्यू टीम पर टिकी हैं. जो योगेंद्र को ढूंढने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



