शराब के लिए पैसे देने से इंकार करने पर सास और साली पर हंसिए से जानलेवा हमला, गंभीर धाराओं के तहत आरोपी संतोष गिरफ्तार
A man allegedly attacked his mother-in-law and sister-in-law with a sickle for refusing to pay for alcohol. Accused Santosh was arrested under serious sections.
बिलासपुर/सीपत : सीपत थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम डगनिया में सास और साली पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी पर बीएनएस की गंभीर धाराओं में जुर्म दर्ज किया है. जिसमें 10 साल तक की सजा का प्रावधान है
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी संतोष कुमार घृतलहरे 28 साल निवासी तिफरा थाना सिरगिट्टी, बीते दिनों अपने ससुराल ग्राम डगनिया आया हुआ था. वहां उसने अपनी सास यशोदा मिरी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे. पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में रखी लोहे की हंसिया से यशोदा पर हमला कर दिया.
बीच-बचाव करने आई साली कविता मिरी को भी आरोपी ने हाथ मुक्का और हंसिया से पीटा. इस हमले में यशोदा के सिर, हाथ, पीठ व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं. जबकि कविता के सिर और हाथ की कलाई में भी चोट लगी.
वारदात की रिपोर्ट मिलने पर थाना सीपत के थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने पैसों की मांग को लेकर अपनी सास और साली से मारपीट करने की बात कबूल की. पुलिस ने आरोपी संतोष कुमार घृतलहरे के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर लिया. आरोपी को अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



