छुरा जनपद पंचायत में बड़ा शक्ति प्रदर्शन, प्रभारी सीईओ सतीश चन्द्रवंशी के समर्थन में सरपंच, सचिव व कर्मचारी संघ एकजुट

A massive show of strength took place in the Chhura district panchayat; the sarpanch, secretary and employees' union united in support of in-charge CEO Satish Chandravanshi.

छुरा जनपद पंचायत में बड़ा शक्ति प्रदर्शन, प्रभारी सीईओ सतीश चन्द्रवंशी के समर्थन में सरपंच, सचिव व कर्मचारी संघ एकजुट

छुरा : जनपद पंचायत छुरा इन दिनों केवल स्थानीय प्रशासन का कार्यालय भर नहीं, बल्कि पूरे गरियाबंद जिले की राजनीति और पंचायत व्यवस्था का केंद्र बिंदु बन चुकी है. प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सतीष चन्द्रवंशी को लेकर उठे आरोपों के बीच गुरुवार को जनपद पंचायत कार्यालय परिसर उस समय ऐतिहासिक दृश्य का गवाह बना. जब सरपंच संघ, सचिव संघ और जनपद पंचायत के लगभग समस्त अधिकारी-कर्मचारी एक मंच पर आकर उनके समर्थन में खुलकर सामने आए. यह सिर्फ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं थी. बल्कि पंचायत व्यवस्था के भीतर भरोसे और नेतृत्व के पक्ष में खुला शक्ति प्रदर्शन था.. 
जनपद पंचायत छुरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सतीश चंद्रवंशी के खिलाफ जनपद उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी द्वारा लगाए गए आरोपों के विरोध में सरपंच संघ, सचिव संघ एवं जनपद कर्मचारी संघ खुलकर सामने आ गए हैं. सभी संगठनों ने एक स्वर में उपाध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार, भ्रामक और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया.
संयुक्त रुप से जारी बयान में सरपंच, सचिव एवं कर्मचारी संघ ने कहा कि जनपद उपाध्यक्ष द्वारा सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर की गई बयानबाजी में अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया है, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं. संगठनों ने साफ किया कि सी.ई.ओ. सतीश चंद्रवंशी द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों के साथ समान, पारदर्शी और नियमसम्मत व्यवहार किया जाता है और जनपद पंचायत का हर कार्य शासन की गाइडलाइन के मुताबिक हो रहा है.
सरपंच संघ के अध्यक्ष पन्नालाल ध्रुव ने उपाध्यक्ष के बयान को अनैतिक और भ्रामक करार देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में सरपंचों के साथ मिलकर आंदोलन करने की बात पूरी तरह गलत है. सरपंच संघ का किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है और सी.ई.ओ. का काम पूरी तरह संतोषजनक है.
वहीं सचिव संघ के छुरा ब्लॉक अध्यक्ष चेतन सोनकर ने उपाध्यक्ष के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों पर बिना तथ्य जाने धौंस जमाना और अपमानजनक व्यवहार करना उनके आचरण का हिस्सा बन गया है. उन्होंने बताया कि 9 जनवरी को जनपद उपाध्यक्ष ग्राम पंचायत कुटेना पहुंचे थे. जहां पंचायत सचिव आवास निर्माण के निरीक्षण में गए हुए थे. इस दौरान सचिव की गैरहाजिरी को लेकर बिना पक्ष जाने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना नैतिकता के विपरीत और मानसिक प्रताड़ना की श्रेणी में आता है.
सचिव संघ ने साफ किया कि अगर किसी कर्मचारी के काम को लेकर आपत्ति थी तो उसकी विधिवत लिखित शिकायत जनपद कार्यालय में दी जानी चाहिए थी. जिससे जांच के बाद जरुरी कार्रवाई होती. इस तरह सार्वजनिक रुप से किसी कर्मचारी की छवि धूमिल करना पूरी तरह गलत है, जिसकी संघ कड़ी निंदा करता है.
इस पूरे मामले पर सी.ई.ओ. सतीश चंद्रवंशी ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनपद उपाध्यक्ष द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और तथ्यहीन हैं. उन्होंने साफ किया कि खर्च की गई प्रत्येक राशि जनपद संचालन एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए नियमानुसार की गई है.
सी.ई.ओ. ने यह भी आरोप लगाया कि जनपद उपाध्यक्ष द्वारा कर्मचारियों पर बिना दस्तावेज के राशन कार्ड बनाने, निर्माण शाखा में इंजीनियरों पर अनुचित दबाव डालने जैसे कार्यों के लिए लगातार दबाव बनाया जाता रहा है. जिसका सभी जनपद स्टाफ विरोध करते है. उन्होंने बताया कि इस बारे में कलेक्टर साहब को आवेदन सौंपकर न्यायोचित कार्रवाई की मांग की जा रही है.
फिलहाल जनपद उपाध्यक्ष और सी.ई.ओ. के बीच चल रहे इस विवाद ने जनपद पंचायत छुरा की राजनीति में उफान ला दिया है. मामले में दोनों पक्षों की प्रतिक्रियाएं सामने आ चुकी हैं और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB