रील बनाते-बनाते मौत, डूबता रहा युवक, दोस्त समझते रहे शूटिंग, नदी में डूब गया 25 वर्षीय निखिल, 48 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मिला शव
A young man drowned while filming a reel, but friends assumed he was shooting. 25-year-old Nikhil drowned in a river, his body recovered after a 48-hour rescue operation.
कोरबा/कुसमुंडा : एक बात फिर रील बनाने के जुनून ने एक युवक को मौत ने अपने आगोश में ले लिया. कोरबा के कुसमुंडा से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. जहां सोशल मीडिया रील बनाने का शौक एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया. अहिरन नदी में डूबे निखिल सिंह का करीब 3 मिनट 56 सेकंड का वीडियो अब सामने आया है. यह हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र में हुआ है.
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर निखिल सिंह उम्र 25 साल अपने तीन दोस्तों के साथ नहाने और रील बनाने पहुंचा था. निखिल नदी में छलांग लगाकर वीडियो शूट करवा रहा था.उसके दोस्त मोबाइल से रील रिकॉर्ड कर रहे थे. छलांग लगाने के बाद निखिल करीब तीन मिनट तक पानी में हाथ-पैर मारता रहा, लेकिन दोस्तों को लगा कि वह तैराकी कर रहा है. देखते ही देखते वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. सबसे हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद कोई भी दोस्त उसे बचाने के लिए नदी में नहीं उतरा.
उसकी आखिरी जद्दोजहद कैमरे में कैद हो गई. वीडियो में दिख रहा है कि माहौल पूरी तरह मस्ती भरा था… मोबाइल कैमरा ऑन था… और रील शूट की जा रही थी. इसी दौरान निखिल नदी में छलांग लगा देता है. शुरुआत में वह पानी में तैरता और हाथ हिलाता नजर आता है…दोस्त भी लगातार वीडियो बनाते रहते हैं. लेकिन कुछ ही सेकंड बाद निखिल की हरकतें बदलने लगती हैं. वह खुद को संभालने की कोशिश करता दिखता है…कभी हाथ ऊपर उठाता है… तो कभी पानी में तेजी से छटपटाता नजर आता है.
सबसे दर्दनाक बात ये रही कि दोस्तों को लगता रहा कि यह सब शूटिंग का हिस्सा है. उन्हें एहसास ही नहीं हुआ कि निखिल सचमुच मौत से लड़ रहा है. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कुछ देर बाद निखिल का दम फूलने लगा था…
उसकी आवाज और हरकतों में घबराहट साफ महसूस हो रही थी…लेकिन जब तक दोस्तों को सच्चाई समझ आई… तब तक बहुत देर हो चुकी थी।देखते ही देखते निखिल नदी के गहरे पानी में समा गया.
हादसे के बाद दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को खबर दी. मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने लगातार दो दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब 48 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद बुधवार देर शाम युवक का शव नदी के पानी में ऊपर तैरता दिखाई दिया. जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया.
यह हादसा सोशल मीडिया रील्स के खतरनाक जुनून पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है. जहां कुछ सेकंड की वायरल वीडियो के लिए लोग अपनी जान तक जोखिम में डाल रहे हैं. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों से नदी-तालाब जैसी जगहों पर रील बनाने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



