वैवाहिक सीजन और नववर्ष से पहले खाद्य सुरक्षा की बड़ी कार्रवाई, रायपुर में 14.63 लाख की नकली मिठाई और पनीर जब्त
Ahead of the wedding season and New Year, a major food safety operation was conducted, resulting in the seizure of counterfeit sweets and paneer worth ₹14.63 lakh in Raipur.
रायपुर : वैवाहिक सीजन और नववर्ष के आगमन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को गंभीरता से लेते हुए रायपुर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन निरीक्षण अभियान शुरु किया है. खासतौर पर खोवा, मावा, पनीर और मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण नकली और गुणवत्ताहीन उत्पाद बाजार में खपाए जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं. जो आम जनता के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन के नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) के निर्देश पर रायपुर जिले में डेयरी दुकानों, स्वीट्स इकाइयों और पनीर निर्माण संस्थानों का व्यापक निरीक्षण किया गया. निर्देश साफ है कि मिलावटी, नकली या अमानक खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
इस अभियान का नेतृत्व अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया. प्रभारी सहायक आयुक्त डोमेन्द्र ध्रुव तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी एहसान तिग्गा, बृजेन्द्र भारती, सिद्धार्थ पाण्डेय, सतीश कुमार राज, संतोष ध्रुव, रोशनी राजपूत, साधना चंद्राकर एवं नमूना सहायकों की संयुक्त टीम ने शहर के कई इलाकों में स्थित डेयरी और स्वीट्स इकाइयों का औचक निरीक्षण किया,
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई, मेसर्स गोपी डेयरी एंड स्वीट्स, बोरियाखुर्द में अत्यंत अस्वास्थ्यकर स्थिति में मिठाइयों का निर्माण और भंडारण पाया गया, मौके पर ही 200 किलो लूज मिठाइयों को नष्ट कराया गया, इसके अलावा खोवा, कलाकंद और कृष्णा बर्फी की करीब 900 किलो सामग्री जब्त की गई.
जिसकी अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपए आंकी गई है. इसी कड़ी में काशी एग्रो फूड, बीरगांव से 500 किलो एनालॉग कॉटेज पनीर जब्त किया गया. जिसकी कीमत करीब 1.15 लाख रुपए बताई गई. एनालॉग पनीर को असली पनीर के रुप में बेचने की कोशिश उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानी जाती है.
विवान फूड, प्रोफेसर कॉलोनी (मलाशय तालाब के पास) से 500 किलो लूज पनीर जब्त किया गया. जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपए है. जांच में यह पनीर मानक गुणवत्ता पर खरा नहीं पाया गया. सबसे बड़ी कार्रवाई एसजे डेयरी, बिलासपुर हाईवे, निमोरा में की गई, जहां से 4,450 किलो पैक्ड मिल्की मलाई फेस पनीर और एनालॉग उत्पाद जब्त किए गए. जब्त सामग्री की कीमत करीब 10.235 लाख रुपए आंकी गई है.
इस तरह कुल मिलाकर चारों प्रतिष्ठानों से 6,350 किलो नकली और गुणवत्ताहीन पनीर, खोवा, कलाकंद और मिठाइयां जब्त की गईं. जिनकी कुल बाजार कीमत करीब 14.635 लाख रुपए है. जब्त सामग्री के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं. और रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फर्मों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी. खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों और शादी-विवाह के मौके पर मिठाई और डेयरी उत्पाद खरीदते समय सावधानी बरतें, प्रतिष्ठित दुकानों से ही खरीदारी करें और किसी भी संदिग्ध उत्पाद की खबर विभाग को दें. विभाग ने स्साफ किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



