तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, हादसे के बाद बाइक छोड़कर मौके से फरार हुआ आरोपी चालक, तलाश जारी

An old man died after being hit by a high speed bike, the accused driver left the bike and fled from the spot after the accident, search is on

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, हादसे के बाद बाइक छोड़कर मौके से फरार हुआ आरोपी चालक, तलाश जारी

बिलासपुर/सीपत : सीपत थाना मुख्यालय के आवासपारा में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई. मृतक की पहचान सीपत गांव निवासी निर्मल गढ़ेवाल के रुप में हुई है.  बाइक सवार युवक हादसे के बाद मौके पर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया.
मिली जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ एक बरसी कार्यक्रम में शामिल होने पैदल जा रहे थे. चश्मदीदों के मुताबिक सीपत की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक पैशन प्रो, नम्बर CG 10 ED 6266 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निर्मल गढ़ेवाल सड़क पर ही बेहोश होकर गिर पड़े. बाइक सवार युवक हादसे के बाद मौके पर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया.
हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के भतीजे सूर्य प्रकाश गढ़ेवाल मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि उन्हें फोन पर जानकारी उनकी बड़ी मां रामप्यारी गढ़ेवाल ने दी थी. मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके बड़े पिता गंभीर रुप से घायल हालत में पड़े हुए थे. उनके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आई थीं.
परिजन फौरन\ डायल 112 की मदद से घायल को सीपत अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया. सिम्स में हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर के डीकेएस अस्पताल के लिए रेफर किया. लेकिन रास्ते में ही रविवार सुबह करीब 6:30 बजे उनकी मौत हो गई. इसके बाद शव को वापस सीपत लाया गया.
घटना की शिकायत पर थाना सीपत पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1)-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB