बाईपास की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर पदयात्रा का एलान पड़ा भारी, अब भाजयुमो जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे को बीजेपी ने थमा दिया नोटिस
Announcing a *padyatra* (foot march) on social media to demand a bypass has backfired; the BJP has now issued a notice to BJYM District President Siddharth Dubey.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : जिले में बाईपास की मांग को लेकर सोशल मीडिया के जरिए पदयात्रा का ऐलान करना भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे को भारी पड़ गया है. BJP संगठन ने सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट को संगठनात्मक मर्यादा और अनुशासन के खिलाफ मानते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है. और तीन दिन के भीतर लिखित जवाब पेश करने के निर्देश दिए गए हैं.
सिद्धार्थ दुबे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गौरेला से नागपुर तक पदयात्रा करने की घोषणा की थी. प्रस्तावित पदयात्रा के दौरान रायपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात करने और इसके बाद नागपुर पहुंचकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर गौरेला-पेंड्रा बाईपास को स्वीकृति दिलाने की मांग रखने की बात कही गई थी.
पोस्ट में बाईपास के अभाव में हो रही दुर्घटनाओं और जनहानि का मुद्दा उठाते हुए गमनागमन सुगम करने, क्षेत्र के विकास की गति बढ़ाने तथा स्थानीय लोगों को राहत दिलाने को पदयात्रा का मकसद बताया गया था.
BJP संगठन की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि सिद्धार्थ दुबे ने 22 और 31 अगस्त को फेसबुक के जरिए पार्टी संगठन एवं संगठनात्मक विषयों से संबंधित पोस्ट और टिप्पणियां सार्वजनिक कीं. इसे संगठनात्मक मर्यादा के खिलाफ मानते हुए तीन दिन में जवाब मांगा गया है. मामले को लेकर जिले की राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
लंबे समय से प्रमुख मुद्दा है बाईपास
इधर, गौरेला-पेंड्रा बाईपास की मांग लंबे समय से क्षेत्र का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है. बाईपास के अभाव में बड़ी तादाद में भारी वाहन शहर के भीतर से गुजरते हैं. जिससे यातायात का दबाव और हादसों का खतरा बना रहता है. ऐसे में भाजयुमो जिलाध्यक्ष की प्रस्तावित पदयात्रा और उसके बाद जारी कारण बताओ नोटिस ने जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है. स्थानीय स्तर पर बाईपास को लेकर मांग और सक्रियता पहले भी सामने आती रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



