10-12 के रिजल्ट में छत्तीसगढ़ की बेटियों ने रचा इतिहास, बोर्ड परीक्षा में हासिल किया उत्कृष्ट परिणाम, शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन का कमाल

Chhattisgarh's girls created history in the Class 10-12 results, achieving excellent results in the board exams, thanks to the guidance of teachers and parents.

10-12 के रिजल्ट में छत्तीसगढ़ की बेटियों ने रचा इतिहास, बोर्ड परीक्षा में हासिल किया उत्कृष्ट परिणाम, शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन का कमाल

गरियाबंद की बेटी ने रचा इतिहास, तनीषा साहू 96.8% के साथ जिला टॉपर, प्रदेश में 8वां स्थान
गरियाबंद : गरियाबंद जिले के ग्राम देवरी की बेटी कुमारी तनीषा साहू ने अपनी मेहनत और लगन से कामयाबी का नया इतिहास रच दिया. कक्षा 12वीं की परीक्षा में 96.8% अंक हासिल कर उन्होंने न सिर्फ पूरे जिले में पहला स्थान हासिल किया. बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में 8वां स्थान हासिल कर क्षेत्र और समाज का नाम रोशन किया.
तनीषा साहू, पिता संजय कुमार साहू और माता द्रोपती साहू की बेटी हैं. उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे गांव देवरी सहित साहू समाज में खुशी की लहर है.
ग्रामीण साहू समाज देवरी, साहू समाज परीक्षेत्र कौंदकेरा, तहसील साहू संघ राजिम, तहसील साहू संघ फिंगेश्वर तथा जिला साहू संघ गरियाबंद की तरफ से तनीषा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई. समाज के लोगों ने कहा कि तनीषा ने अपनी मेहनत से न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे समाज को गौरवान्वित किया है.
यह कामयाबी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी. सभी ने तनीषा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके लगातार प्रगति की शुभकामनाएं दी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

गरियाबंद : हायर सेकेंडरी हाईस्कूल 10-12 के परीक्षा परिणाम में गरियाबंद जिले के टॉप टेन में तीन छात्रों ने स्थान बनाकर जिले को गौरान्वित किया. वहीं गरियाबंद स्थित सरस्वती शिशु मंदिर हायरसेकेंडरी में अध्ययनरत  छात्र मो. जकी अहमद खान पिता इदरीश मोहम्मद खान ने 12वीं गणित विषय में 91.4% फीसदी अंकों के साथ विद्यालय की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान अर्जित किया.
मोहम्मद जकी शिक्षक इदरीश खान के बेटे हैं. पढ़ाई में शुरू से मेधावी रहे. पिछले 10वीं बोर्ड में भी 90%अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण  किया था. छात्र जकी अहमद स्वाध्याय से प्रेरित होकर अपना मुकाम हासिल किया. कामयाबी का साराश्रेय वो अपने शिक्षकों को देते हैं. जिनकी प्रेरणा से कामयाबी हासिल की. वो भविष्य में सिविल सेवा या इंजीनिरिंग कर देश सेवा करना चाहते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

कोपरा नगर पंचायत के नोबेल ने 10वीं बोर्ड मेरिट का पूरे प्रदेश में 8 वां स्थान बनाया
राजिम : सरस्वती शिशु मंदिर कोपरा के मेधावी छात्र नोबेल साहू ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2025-26 में 97.83 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में 8वां स्थान हासिल किया. नोबेल साहू ने पिता रूपनारायण साहू पेशे से शिक्षक हैं. उनका इस मुकाम हासिल करने में काफी मदद की. उन्होंने 10वीं में 97.83 प्रतिशत हासिल कर  परिवार सहित स्कूल का नाम रोशन किया.
बुधवार की दोपहर 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित होने के साथ मेरिट सूची में नाम आते ही सरस्वती शिशु मंदिर कोपरा में हर्ष का माहौल छा गया. प्राचार्य व शिक्षकों ने नोबेल का फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मान किया.
प्राचार्य ने कहा कि नोबेल नियमित छात्र रहा है और शिक्षक पिता के मार्गदर्शन का लाभ उसे मिला. वैज्ञानिक बनने का सपना- नोबेल ने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता व गुरुजनों को दिया. नोबेल ने बताया कि वह 11वीं में बायोलॉजी लेकर जेईई व नीट की तैयारी कर वैज्ञानिक बनना चाहता है. शिक्षक रूपनारायण साहू ने कहा कि बेटे ने शिक्षक परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाया है. नगर में शिक्षा का माहौल बनाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

ग्राम लुगे की बेटी युक्तामुखी साहू ने मुश्किल हालात में हासिल की बड़ी कामयाबी
धमतरी : मगरलोड क्षेत्र के छोटे से लुगे गांव की छात्रा युक्तामुखी साहू ने अपनी मेहनत और लगन से 12वीं की परीक्षा में टॉप 10 में 10वां स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया. युक्तामुखी ने रायपुर में पढ़ाई कर यह स्थान पाया.
युक्तामुखी का चयन वर्ष 2025 में “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम के लिए भी हुआ था. जहाँ उन्होंने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया और प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के स्कूल से हासिल की और वर्तमान में रायपुर में अध्ययन कर रही हैं.
मुश्किल हालात के बावजूद युक्तामुखी ने कभी हार नहीं मानी. दादा-दादी के साथ रहते हुए उन्होंने घर के कामों में मदद की और पढ़ाई में लगातार मेहनत की. 8वीं कक्षा के दौरान दादी के निधन के बाद भी उन्होंने अपने दादा का ख्याल रखते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी.
युक्तामुखी साहू की शानदार कामयाबी पर साहू दंपति तुमनचंद और रंजीता साहू ने युक्तामुखी को सम्मान उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

भूमिका परतोती, ताहिरा खान और ओंकार बने टॉपर
गौरेला पेंड्रा मरवाही : सीजीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में गौरेला पेंड्रा महवाही के छात्र छात्राओं ने कमाल किया है. जीपीएम की ताहिरा खान ने मेरिट सूची में चौथा स्थान हासिल किया है. इनके अलावा भूमिका परतोती ने मेरिट लिस्ट में सातवां स्थान हासिल किया है. कलेक्टर ने दोनों छात्राओं को बधाई दी है.
जीपीएम की ताहिरा खान का कमाल
माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा में पेंड्रा की छात्रा ताहिरा खान ने प्रवीण सूची में चौथा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. गणित विषय की छात्रा ताहिरा ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की. हमसे बातचीत में ताहिरा ने बताया कि वह रोजाना करीब 6 घंटे नियमित पढ़ाई करती थीं. उनका मानना है कि लगातार अध्ययन और दृढ़ इच्छाशक्ति ही कामयाबी की कुंजी है.
आईएएस बनना चाहती हैं ताहिरा खान
ताहिरा अपनी कामयाबी का सेहरा स्कूल के शिक्षक जुनैद खान सर और अपने माता-पिता को देती हैं. शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार की मदद से यह मुकाम हासिल कर पाई हैं. सामान्य परिवार से आने वाली ताहिरा के पिता गांव में फेरी लगाकर कपड़े बेचते हैं. जबकि उनकी माता गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद ताहिरा ने अपनी मेहनत से यह साबित किया कि लगन और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. ताहिरा खान का सपना आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनकर देश सेवा करना है.
भूमिका परतोती ने मेरिट लिस्ट में बनाई जगह
जीपीएम में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल पेंड्रा की छात्रा भूमिका परतोती ने मेरिट सूची में सातवां स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया. बायोलॉजी संकाय की छात्रा भूमिका ने 97 प्रतिशत अंक हासिल किए.
भूमिका ने कामयाबी के राज बताए
ईटीवी भारत से बातचीत में भूमिका ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई को बोझ न मानते हुए लगातार कोशिश जारी रखा. नियमित अध्ययन के साथ-साथ उन्होंने मोबाइल के जरिए ऑनलाइन लेक्चर भी अटेंड किए. जिसका सकारात्मक परिणाम उन्हें मिला. भूमिका आगे चलकर मेडिकल क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं. उनके पिता मान सिंह परतोती पेशे से शिक्षक हैं. जबकि माता गृहिणी हैं. परिवार की मदद और मार्गदर्शन ने उनकी कामयाबी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. भूमिका की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
ओंकार कैवर्त्य ने टॉप टेन में बनाई जगह
पेंड्रा के नवागांव निवासी छात्र ओंकार कैवर्त्य ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में 5वां स्थान हासिल किया है. ओंकार की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है. ओंकार स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम मल्टीपर्पज स्कूल, पेंड्रा का छात्र है और उसने गणित विषय से अपनी पढ़ाई की है. साधारण परिवार से आने वाले ओंकार ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है.
आर्थिक चुनौतियों के बीच हासिल किया मुकाम
ओंकार के पिता किसान हैं और परिवार के भरण-पोषण के लिए अपनी पत्नी के साथ आसपास के साप्ताहिक बाजारों में ठेला लगाकर नाश्ता बनाते हैं. आर्थिक चुनौतियों के बीच भी परिवार ने ओंकार की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. जिसका परिणाम आज सबके सामने है.
आईएएस अधिकारी बनना चाहते हैं ओंकार
ओंकार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है. उन्होंने बताया कि वह नियमित रूप से पढ़ाई करता था और समय का सही प्रबंधन करता था. भविष्य को लेकर ओंकार के बड़े लक्ष्य हैं. वह आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनना चाहता है और देश-समाज की सेवा करना चाहता है. ओंकार की इस कामयाबी पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने बधाई दी है और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

तंजिला बानो ने 12वीं में हासिल किए 92.20%, इंजीनियर बनकर करना चाहती हैं परिवार का नाम रोशन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : जिले की होनहार छात्रा तंजिला बानो ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में से 461 अंक हासिल कर 92.20 प्रतिशत नम्बर हासिल किए हैं. तंजिला की इस कामयाबी से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जिले में खुशी और जश्न का माहौल है. तंजिला बानो ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है.
तंजिला ग्राम पंचायत गोरखपुर निवासी कलीम उल्ला की साहबजादी हैं और एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं. अपनी कामयाबी का सेहरा उन्होंने अपने वालिद-वाल्दा और उस्तादों को दिया. जिनके मार्गदर्शन और मदद से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया.

तंजिला का सपना एक कामयाब इंजीनियर बनकर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करना है. उनकी इस कामयाबी से क्षेत्र के दुसरे विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

महासमुंद की दो छात्राएं, संध्या-परिरानी को 594 अंक, मुंगेली के अंशुल तीसरे नम्बर पर
10वीं की परीक्षा में टॉप 3 में महासमुंद जिले की 2 लड़कियों ने 594 नंबर के साथ बाजी मारी. इनमें एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंदा की संध्या नायक और एकलव्य स्कूल बलोदा की परीरानी प्रधान शामिल हैं. वहीं तीसरे स्थान पर मुंगेली के अंशुल शर्मा रहे. इन तीनों ने ही 99.00% अंक हासिल किए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

नगरी में अर्सिया और हबीबा मेमन ने हासिल किया उत्कृष्ट परिणाम
नगरी : क्षेत्र के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल साकरा की दो छात्राओं ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ अपने स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है. कक्षा 12वीं की छात्रा अर्सिया मेमन ने 77.6 प्रतिशत नम्बर हासिल किए. वहीं कक्षा 10वीं की छात्रा हबीबा मेमन ने 83.3 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी कक्षा में पहला स्थान हासिल किया है.
दोनों छात्राओं की इस कामयाबी पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, परिजनों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है. स्कूल स्टाफ ने छात्राओं को उनकी मेहनत और लगन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. यह कामयाबी न सिर्फ व्यक्तिगत कामयाबी है. बल्कि पूरे विद्यालय के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी है.
अर्सिया मेमन ने कक्षा 12वीं में लगातार मेहनत और नियमित अध्ययन के दम पर यह कामयाबी हासिल की. वहीं हबीबा मेमन ने कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर यह साबित कर दिया कि पक्का इरादा और म्हणत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है. दोनों छात्राएं अपनी पढ़ाई के प्रति हमेशा गंभीर रही हैं और स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाती रही हैं.
इन दोनों होनहार छात्राओं का संबंध नगरी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार रिजवान मेमन के परिवार से है. उनकी बेटियों की इस कामयाबी पर पत्रकार जगत में भी खुशी का माहौल है. साथी पत्रकारों ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
स्कूल के शिक्षकों का कहना है कि अर्सिया और हबीबा दोनों ही छात्राएं अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं. उन्होंने नियमित रूप से कक्षाओं में हाजिरी दर्ज कराई और समय-समय पर शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन किया. जिसका नतीजा आज उनकी कामयाबी के रूप में सामने आया है.
इस कामयाबी ने अन्य छात्रों को भी प्रेरित किया है. स्कूल प्रबंधन का मानना है कि इस तरह की कामयाबी विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती हैं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं.
परिजनों ने भी अपनी बेटियों की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का नतीजा है. उन्होंने कहा कि वे आगे भी अपनी पढ़ाई को इसी तरह जारी रखेंगी और भविष्य में और बड़ी कामयाबी हासिल करेंगी.
नगरी क्षेत्र के लिए यह गर्व का क्षण है. जहां स्थानीय स्तर पर पढ़ने वाली छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. अर्सिया और हबीबा मेमन की कामयाबी यह संदेश देती है कि सही दिशा, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

कमला मरकाम को मिली शानदार कामयाबी
गरियाबंद : गरियाबंद जिले स्वामी आत्मानंद स्कूल, झाकरपारा जैसे संस्थानों से (कक्षा 10 वीं)जब विद्यार्थी 92% जैसे उत्कृष्ट अंक लाते हैं, तो यह न सिर्फ उनकी मेहनत बल्कि उनके शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन को भी दर्शाता है.
प्रेरणादायक पृष्ठभूमि:
उनके पिता खीरेंद्र मरकाम खुद शिक्षक हैं एक शिक्षक की बेटी का शिक्षा के क्षेत्र में इतना ऊंचा मुकाम हासिल करना समाज के लिए एक बेहतरीन मिसाल है.
स्वामी आत्मानंद स्कूलों का बढ़ता स्तर: यह कामयाबी दिखाती है कि छत्तीसगढ़ सरकार की स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों की प्रतिभा को निखारने में कितनी कारगर साबित हो रही है.
भविष्य की राह: 92% अंक लाना इस बात का सबूत है कि कमला का आधार बहुत मजबूत है. वे आगे चलकर नीट (NEET), जेईई (JEE) या प्रशासनिक सेवाओं जैसे किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने की ताकत रखती हैं.
कहते हैं कि अगर इरादे बुलंद हों, तो कोई भी लक्ष्य हासिल करना नामुमकिन नहीं है. ऐसा ही कुछ कर दिखाया है झाकरपारा के स्वामी आत्मानंद स्कूल की छात्रा कमला मरकाम ने.. कमला ने अपनी बोर्ड परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है.
कमला के पिताखीरेंद्र मरकाम खुद एक शिक्षक हैं, उनके मार्गदर्शन और कमला की कड़ी मेहनत ने इस सफलता की इबारत लिखी है. ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद, कमला ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती.
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत मिल रही शिक्षा और शिक्षकों के सहयोग ने भी इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है.
कमला की इस शानदार जीत पर आज उनके घर और स्कूल में जश्न का माहौल है. न्यूज़ रिलीज़ की पूरी टीम की ओर से कमला मरकाम और उनके परिवार को बहुत-बहुत बधाई... हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

छुरा की महक सचदेव ने रचा इतिहास, 97% अंक के साथ प्रदेश में 7वां स्थान
छुरा/गरियाबंद : गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखंड छुरा की होनहार छात्रा महक सचदेव ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश की टॉप-10 सूची में अपना नाम दर्ज कराया. स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, छुरा की छात्रा महक ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 7वां स्थान हासिल किया. जिससे पूरे छुरा क्षेत्र सहित जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है.
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए महक सचदेव ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे उनके स्कूल के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा. उन्होंने अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और सहयोग को भी अपनी सफलता का आधार बताया. महक ने बताया कि वह आगे चलकर अकाउंटिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं.
महक सचदेव वाणिज्य संकाय की छात्रा रही हैं और शुरू से ही मेधावी रही हैं. पढ़ाई के प्रति उनकी निरंतर लगन और मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है. उनके पिता विजय सचदेव लंबे समय से व्यापार के क्षेत्र में कार्यरत हैं. वहीं माता प्रिया सचदेव ने भी बेटी की इस सफलता पर अत्यंत खुशी व्यक्त करते हुए गर्व जताया है.
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे स्कूल के लिए गौरव का पल है. उन्होंने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर “गौरव गरियाबंद अभियान” के तहत शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है.
महक सचदेव की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले में गर्व का माहौल है. उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

दसवीं में याचना सिन्हा ने 96% और यामिनी ने 88% अंक हासिल कर बढ़ाया मान
 मगरलोड-भेण्डरी क्षेत्र के ग्राम भेण्डरी स्थित शासकीय वीर शहीद बलराम सिंह ध्रुव हायर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया है.
 मगरलोड-भेण्डरी क्षेत्र के ग्राम भेण्डरी स्थित शासकीय वीर शहीद बलराम सिंह ध्रुव हायर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया है.
बारहवीं बोर्ड परीक्षा में विज्ञान संकाय से छात्र अमन साहू ने 88 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं दसवीं बोर्ड परीक्षा में  याचना सिन्हा ने शानदार 96 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया. इसके अलावा छात्रा यामिनी ने 88 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय को गौरवान्वित किया.
विद्यालय का दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम 60 प्रतिशत रहा. जबकि बारहवीं के सभी संकायों का कुल परिणाम 81 प्रतिशत दर्ज किया गया. विद्यार्थियों की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
संस्था की प्राचार्य ज्योति बघेल, परीक्षा प्रभारी प्रमोद चंद्राकर, ग्राम सरपंच राजेश्वरी आनंद पटेल तथा ग्राम विकास समिति अध्यक्ष नीलकंठ सिन्हा ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t