‘आज जेल होई...कल बेल होई’ पर थाने में बनाई रील: इंस्टाग्राम पर पोस्ट की वीडियो, पुलिस ने बुलाकर की पूछताछ; गलती मानकर मांगी माफी

'Jail today... bail tomorrow': Reel made inside police station; video posted on Instagram, police summoned and questioned the creator; admitted mistake and apologized.

‘आज जेल होई...कल बेल होई’ पर थाने में बनाई रील: इंस्टाग्राम पर पोस्ट की वीडियो, पुलिस ने बुलाकर की पूछताछ; गलती मानकर मांगी माफी

कोरबा : सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक महिला को भारी पड़ गया. कोतवाली थाना परिसर में फिल्मी अंदाज में ‘आज जेल होई कल बेल होई’ गाने पर डांस करते हुए रील बनाने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा तो महिला के खिलाफ कार्रवाई की गई. इसके बाद महिला ने एक और वीडियो जारी कर अपनी गलती के लिए माफी मांगी और कहा कि उसने सिर्फ मनोरंजन के मकसद से वीडियो बनाया था. यह मामला कोतवाली थाना परिसर का है.
मिली जानकारी के मुताबिक सीतामढ़ी क्षेत्र की रहने वाली उषा मिश्रा ने 11 सितंबर की शाम अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया था. वायरल वीडियो में महिला कोतवाली थाना परिसर में दिखाई दे रही है. बैकग्राउंड में ‘आज जेल होई कल बेल होई’ गाना बज रहा है और महिला उस पर फिल्मी अंदाज में डांस करते हुए रील बनाती नजर आ रही है. वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद तेजी से वायरल होने लगा.
वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया संज्ञान
थाना परिसर में बनाई गई रील पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया. कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक वीडियो वायरल होने के बाद महिला के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई. कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने भी मामले में कार्रवाई की पुष्टि की है. पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.
कार्रवाई के बाद महिला ने मांगी माफी
पुलिस की कार्रवाई के बाद उषा मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी. महिला ने अपने वीडियो में कहा कि उसका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना या पुलिस व्यवस्था का अपमान करना नहीं था. उसने दावा किया कि वीडियो सिर्फ मनोरंजन के मकसद से बनाया गया था. इस घटना के बाद सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर सोशल मीडिया कंटेंट बनाने को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है. सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज और लोकप्रियता हासिल करने के लिए अलग-अलग जगहों पर रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ा है.
कई बार लोग बिना अनुमति या संभावित कानूनी परिणामों को समझे सरकारी परिसरों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी वीडियो रिकॉर्ड कर लेते हैं. पुलिस की इस कार्रवाई को सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वालों के लिए एक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है कि रील या वीडियो बनाते समय स्थान और वहां लागू नियमों का ध्यान रखना जरूरी है. फिलहाल महिला द्वारा माफी मांगने का वीडियो भी सामने आ चुका है. पुलिस की कार्रवाई के बाद थाने के सामने बनाई गई यह रील सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?