छग में फिर से टीकाकरण के बाद मौत, ढाई महीने के मासूम बच्चे ने टीका लगने के बाद तोड़ा दम, परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लगाया गंभीर आरोप

Death after vaccination again in Chhattisgarh two and a half month old innocent child died after vaccination family members made serious allegations against the health department

छग में फिर से टीकाकरण के बाद मौत, ढाई महीने के मासूम बच्चे ने टीका लगने के बाद तोड़ा दम, परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लगाया गंभीर आरोप

सूरजपुर : सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र से आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण के बाद ढाई महीने के मासूम की मौत की खबर सामने आई है. परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. मामला परशुरामपुर गांव का बताया जा रहा है. 
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को परिजनों ने अपने ढाई महीने के बच्चे को आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण के लिए ले गए थे. जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चे को वैक्सीन लगाई. 
मृतक बच्चे की मां ने बताया कि टीका लगने के बाद बच्चे को बुखार आया और उसकी हालत बिगड़ती गई. बार-बार फोन करने पर भी स्वास्थ्य अमले ने सिर्फ बुखार की दवा देने की सलाह दी. परिजनों ने आरोप लगाया कि टीकाकरण के बाद बच्चे की मौत हुई है और इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है.
वहीं बच्चे की रविवार सुबह मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों ने टिका से मौत होने के बात को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.
रामानुजनगर बीएमओ प्रियंका शर्मा ने बताया कि बच्चे की मौत टीकाकरण से नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को लगाई गई वैक्सीन उसी वायल से अन्य बच्चों को भी लगाई गई थी, लेकिन बाकी सभी बच्चे स्वस्थ हैं. उन्होंने कहा कि टीकाकरण के बाद हल्का बुखार आना सामान्य है और बच्चे को इसकी दवा भी दी गई थी. मामले में बीएमओ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी. इसके साथ ही वह टीकाकरण से मौत की बात से इंकार करती नजर आई.
रामानुजनगर थाना प्रभारी राजेंद्र साहू ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मर्ग इंटिमेशन दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि टीकाकरण के बाद मासूमों की मौत मामला कुछ महीने पहले भी आया था. जिसमें बिलासपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा अंतर्गत ग्राम पंचायत पटैता के कोरी पारा में दो नवजात शिशुओं की मौत हो गई थी. इसके साथ ही गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के सेमदर्री पंचायत में टीका लगने के बाद डेढ़ माह के बच्चे की मौत हो गई थी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI