करोड़ों की हेराफेरी, ईओडब्लू ने तेंदूपत्ता बोनस घोटाले में डीएफओ को किया गिरफ्तार, 6 करोड़ के बोनस का गबन का मामला

Fraud of crores, EOW arrested DFO in tendupatta bonus scam, embezzlement of bonus worth 6 crores

करोड़ों की हेराफेरी, ईओडब्लू ने तेंदूपत्ता बोनस घोटाले में डीएफओ को किया गिरफ्तार, 6 करोड़ के बोनस का गबन का मामला

रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित तेंदूपत्ता घोटाले में एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है. एक डीएफओ को गिरफ्तार किया गया है. अशोक पटेल बस्तर संभाग के सुकमा के पूर्व डीएफओ हैं। तेंदूपत्ता बोनस घोटाले में राज्य सरकार ने पिछले महीने डीएफओ को सस्पेंड किया था.
मिली जानकारी के मुताबिक सुकमा जिले के तत्कालीन डीएफओ अशोक पटेल को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की संयुक्त टीम ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि उन्होंने तेंदूपत्ता मजदूरों के करोड़ों रुपये के बोनस का गबन किया था.
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह ACB-EOW की टीम ने अशोक पटेल को रायपुर स्थित एक निजी बंगले से हिरासत में लिया. फिलहाल अधिकारी से पूछताछ की जा रही है 
2015 बैच के आईएफएस अधिकारी अशोक पटेल पर वर्ष 2021-22 में तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलने वाली बोनस राशि में भारी गड़बड़ी करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि तेंदूपत्ता मजदूरों के खातों में करोड़ों रुपये ट्रांसफर नहीं किए गए और न ही उन्हें नकद में भुगतान किया गया. यह रकम कई महीनों तक अटकी रही और आखिरकार जब मामला सामने आया तो राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से पटेल को सस्पेंड कर दिया.
पिछले दिनों एसीबी की टीम ने कई जगहों पर इसी मसले कोलेकर रेड भी की थी. इस घोटाले की जांच के दौरान सामने आया कि बोनस की भारी रकम मजदूरों तक नहीं पहुंची. और यह रकम अधिकारियों की मिलीभगत से दुसरे उपयोग की गई. जांच एजेंसियों को शक है कि इस घोटाले में अन्य उच्च अधिकारियों की संलिप्तता भी हो सकती है.
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां अब विभाग के उच्च अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है. यह आशंका जताई जा रही है कि पटेल अकेले इस घोटाले में शामिल नहीं थे. बल्कि विभागीय स्तर पर मिलीभगत हुई है. एजेंसियां अब वित्तीय लेन-देन, बैंक रिकॉर्ड और फील्ड स्तर के अधिकारियों के बयानों के आधार पर अगली कार्रवाई की रुपरेखा तैयार कर रही है.
इस गिरफ्तारी ने पूरे वन विभाग और प्रशासनिक अमले में हलचल मचा दी है. माना जा रहा है कि यह सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दिनों में और भी कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB