स्कूल में कदम रखते ही छात्राएं हो रहीं बेसुध, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगाया कैंप, रिपोर्ट्स नॉर्मल फिर भी हो रही घटना, मचा हड़कंप

Girls faint upon entering school; health department teams set up camps; reports are normal, yet incidents continue, causing panic.

स्कूल में कदम रखते ही छात्राएं हो रहीं बेसुध, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगाया कैंप, रिपोर्ट्स नॉर्मल फिर भी हो रही घटना, मचा हड़कंप

खैरागढ़/ छुईखदान : छुईखदान विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला खैरबना में बीते एक हफ्ते से छात्राओं के बार-बार बेहोश होने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है. स्कूल में विशेषकर तीसरी कक्षा की छात्राएँ अचानक बेसुध होकर गिर रही हैं. अब तक दर्जनों छात्राएँ प्रभावित हो चुकी हैं. जिससे स्कूल का माहौल डर और अनिश्चितता से भरा हुआ है.
डॉक्टरों के मुताबिक अब तक की गई ब्लड जांच और अन्य प्राथमिक चिकित्सकीय परीक्षणों में किसी तरह की शारीरिक बीमारी, संक्रमण या विषाक्तता के संकेत नहीं मिले हैं. सभी रिपोर्ट सामान्य आने के बाद कारणों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही. कई छात्राएँ कुछ समय बाद खुद सामान्य भी हो जाती हैं.
हालात की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने खुद स्कूल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जानकारी ली. कलेक्टर ने बीएमओ को प्रभावित छात्राओं की मनोवैज्ञानिक जांच कराने के निर्देश दिए. इसके बाद छात्राओं को सिविल अस्पताल खैरागढ़ लाया गया. जहां स्वास्थ्य विभाग के प्रारंभिक आकलन में इसे “मास हिस्टीरिया” यानी सामूहिक मानसिक प्रभाव का मामला बताया गया. चिकित्सकों के मुताबिक डर, तनाव या आशंका के चलते बच्चे एक-दूसरे को देखकर समान लक्षण महसूस करने लगते हैं.
फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. अभिभावकों में चिंता का माहौल है, वहीं स्कूल प्रबंधन बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है. मनोवैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस रहस्यमयी बीमारी को लेकर कोई ठोस और अंतिम निष्कर्ष सामने आ सकेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t