कपड़े उतरवाकर लगाया करंट, प्लास से उखाड़े नाखून, सैलरी मांगने पर चोरी का आरोप लगाकर टॉर्चर का वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा
He was made to remove his clothes and was given electric shocks, his nails were pulled out with a pliers, when he asked for his salary, he was accused of theft and a video of the torture was made and sent to his family.
कोरबा : राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के दो दलित मजदूरों को रोजगार के नाम पर छत्तीसगढ़ ले जाकर बेरहमी से टॉर्चर करने और फिरौती वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ितों का आरोप है कि सैलरी मांगने पर न केवल उन्हें बुरी तरह पीटा गया. बल्कि कपड़े उतरवाकर बिजली का करंट तक लगाया गया और परिजनों से पैसे मंगवाकर छोड़ा गया.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित अभिषेक और विनोद भांबी नामक चचेरे भाई 12 फरवरी को छत्तीसगढ़ के कोरबा की आइसक्रीम फैक्टरी में पहुंचे थे. गांव के ही एक परिचित के जरिए उनकी मुलाकात छोटू गुर्जर (निवासी भैरूखेड़ा, शंभूगढ़) और मुकेश शर्मा (निवासी चित्तौड़गढ़) से हुई थी.
इन लोगों ने उन्हें आइसक्रीम बेचने की नौकरी का झांसा दिया. दो महीने तक काम कराने के बाद जब दोनों भाइयों ने अपनी सैलरी मांगी. तो उन्हें एक गोदाम में बंद कर अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया गया. 14 अप्रैल की रात दोनों को कपड़े उतरवाकर बिजली के तारों से करंट लगाया गया. नाखून प्लास से उखाड़े गए. गालियां दी गईं और पूरे टॉर्चर का वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा गया. आरोपियों ने उन पर चोरी का झूठा आरोप लगाया और 30 हजार रुपए की फिरौती की मांग की. परिजनों ने डर और दहशत में आकर 23,950 रुपए ट्रांसफर किया तब जाकर दोनों को छोड़ा गया.
इस घटना के बाद भी आरोपी बाज नहीं आए। 17 अप्रैल को छोटू गुर्जर भीलवाड़ा पहुंच गया और गांव के रुद्रपुर चौराहे पर दोनों भाइयों को रोककर मारपीट की और चुप रहने की धमकी दी. पीड़ितों के रिश्तेदार शंकरलाल मेघवंशी का आरोप है कि गुलाबपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गए तो पुलिस ने उल्टा समझौता करने का दबाव बनाया और धमकाया. पीड़ित अभिषेक की मां का कहना है. "कोई मां अपने बेटे की ऐसी हालत देख सकती है क्या? हमें न्याय चाहिए."
गुरुवार को पीड़ित परिवार ने भीलवाड़ा एसपी से मिलकर पूरी घटना की लिखित शिकायत सौंपी और आरोपियों पर अपहरण, मारपीट, टॉर्चर, धमकी और फिरौती की गंभीर धाराओं में सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठे हैं और अब देखना होगा कि इस मामले में क्या इंसाफ मिलता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



