पति ने पत्नी को कोर्ट परिसर में पटका, बाल पकड़कर बेतहाशा पीटा, बचाने आए शख्स ने जड़ दिया जोरदार तमाचा, मची अफरा-तफरी, दो आरोपी गिरफ्तार
Husband slams wife to the ground in court complex, grabs her by the hair and beats her mercilessly; a man who intervened delivers a hard slap; chaos ensues, and two accused are arrested.
महराजगंज : महराजगंज के परिवार न्यायालय परिसर में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने सुनवाई के बाद नया मोड़ ले लिया। आरोप है कि अदालत से बाहर निकलते ही पति ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. महिला ने गला दबाने और पिता-बहन से भी मारपीट का आरोप लगाया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
कोर्ट में पेशी कीतारीख थी. मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा था. दोनों पक्ष परिवार अदालत पहुंचे थे. लेकिन सुनवाई खत्म होने के बाद जो हुआ. उसने पूरे कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मचा दी. आरोप है कि बाहर निकलते ही पति ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और देखते ही देखते परिवार कोर्ट परिसर जंग का अखाड़ा बन गया.
मिली जानकारी के मुताबिक 24 सितंबर को पति-पत्नी के बीच भरण-पोषण से संबंधित मामले की सुनवाई थी. दोपहर करीब दो बजे महिला के पिता लक्ष्मीकांत की गवाही हुई. इसके बाद प्रिया अपनी बहन प्रियंका और पिता के साथ कोर्ट रूम से बाहर निकलकर भूतल हॉल में पहुंचीं.
महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसका पति मनीष कुमार मिश्र अपने एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंचा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. पति ने उसका बाल पकड़कर पीटा और उसे नीचे गिरा दिया। इसी बीच महिला की तरफ से मौजूद एक अधेड़ व्यक्ति ने पति के गाल पर जोरदार तमाचा जड़ दिया.
सुनवाई के बाद अचानक शुरू हो गई मारपीट
मामला यहीं नहीं रुका. प्रिया का आरोप है कि उसके साथ मारपीट करने के दौरान उसे नीचे गिराकर गला दबाने की भी कोशिश की गई. बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता लक्ष्मीकांत और बहन प्रियंका के साथ भी बेरहमी से मारपीट किए जाने का आरोप है.
अचानक हुए इस विवाद के बाद कचहरी परिसर में शोर मच गया. वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को संभाला. इस दौरान हुई हाथापाई और गुत्थमगुत्थी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला के साथ मारपीट और परिसर में हुए विवाद की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं.
पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में घटना के बाद धमकी देने का भी आरोप लगाया है. उसका कहना है कि मुकदमे की पैरवी जारी रखने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद उसने कोतवाली पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की.
शादी के कुछ दिन बाद शुरू हो गया था विवाद
दरअसल, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा निवासी प्रिया त्रिपाठी की शादी बृजमंगज थाना क्षेत्र के कोईलाडाड़ निवासी मनीष कुमार मिश्र से हुई थी. प्रिया के मुताबिक शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. इसके बाद महिला ने अदालत का रुख किया.
पति-पत्नी के बीच भरण-पोषण से संबंधित वाद महराजगंज जिला मुख्यालय स्थित परिवार न्यायालय में विचाराधीन है. इसी मामले में 24 सितंबर को सुनवाई हुई थी. सुनवाई के बाद कोर्ट परिसर में हुए विवाद ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया.
पुलिस के मुताबिक घटना को लेकर महिला की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है. सदर कोतवाली पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार भी कर लिया है.
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
महराजगंज सदर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार न्यायालय परिसर में हुए मारपीट के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस वायरल वीडियो, शिकायत और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है.
फिलहाल परिवार न्यायालय परिसर में हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. मामले में महिला की ओर से लगाए गए मारपीट, गला दबाने और धमकी के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. जबकि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



