इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना, गृह मंत्री के जिले के नाबालिग बैगा बच्चे को पेड़ से बांधकर बेरहमी से की पिटाई, वीडियो वायरल, मौत से मचा बवाल
In an incident that shames humanity, a minor Baiga boy from the Home Minister's district was tied to a tree and brutally beaten. The video went viral, and the death sparked an uproar.
कबीरधाम : छत्तीसगढ़ में गृह मंत्री के गृह जिले कबीरधाम से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. जिले के कुकरापानी गांव में एक नाबालिग बैगा आदिवासी बच्चे को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया और फिर भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेते हुए उसे पेड़ से बांधकर बेरहमी से डंडों से पीटना शुरू कर दिया.
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मासूम बच्चा दर्द से तड़पता और रोता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चा रहम की गुहार लगा रहा है. लेकिन गांव के कुछ लोग उससे नाम पूछते हुए लगातार डंडों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं. यह दृश्य इतना भयावह है कि देखने वालों की रूह कांप जाए.
बताया जा रहा है कि भीड़ की पिटाई के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई थी. जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
इस मामले में कबीरधाम पुलिस ने साफ किया है कि यह घटना जिले से संबंधित नहीं है. बल्कि यह मामला मध्यप्रदेश के मंडला जिले का है.
पुलिस के मुताबिक अमरलाल पिता मलखन सिंह बैगा उम्र 16 साल निवासी ग्राम कुकरापानी थाना तरेगांव, जिला कबीरधाम 18 फरवरी 2026 को अपने घर से बिना बताए कहीं चला गया था. परिजनों के मुताबिक बालक मानसिक रूप से कमजोर था और इस बारे में थाना तरेगांव में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई गई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक 26 फरवरी 2026 को मध्यप्रदेश के मंडला जिले के ग्राम बडखेड़ा, थाना बिछिया में कुछ लोगों ने उसे चोर समझकर हाथ बांधकर मारपीट की थी. घटना की खबर मिलने के बाद उसे डायल 112 वाहन के जरिए इलाज के लिए बिछिया अस्पताल ले जाया गया.
बताया जा रहा है कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच बालक अस्पताल से बाहर निकल गया. जिसके बाद उसका सड़क हादसे में एक्सीडेंट हो गया. हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण 27 फरवरी 2026 को उसकी मौत हो गई.
इस पूरे मामले में थाना बिछिया में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं. पहला मारपीट की घटना को लेकर,दूसरा सड़क दुर्घटना में मौत के संबंध में…पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में विधिवत जांच जारी है.
हालांकि इस घटना ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं. अगर बालक को मारपीट के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तो वह अस्पताल से कैसे बाहर निकल गया? और आखिर वह सड़क पर कैसे पहुंचा जहां उसकी दुर्घटना हो गई? अब इस पूरे मामले को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल वायरल वीडियो और बच्चे की मौत के बाद मानवता को झकझोर देने वाली इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



