हर सोमवार हल्का मुख्यालय में अनिवार्य रूप से पटवारी रहेंगे उपस्थित, कलेक्टर ने दिया पटवारियों को आदेश, प्रशासन और आमजन के बीच समन्वय होगा बेहतर
Patwaris must be present at their respective *Halka* headquarters every Monday; the Collector has issued this order to improve coordination between the administration and the general public.
कोरिया : कलेक्टर कोरिया ने जिले में कार्यरत सभी पटवारियों के लिए अहम निर्देश जारी किया है. कि अब हर सोमवार को सभी पटवारी अपने-अपने हल्का मुख्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर ग्रामीणों के राजस्व संबंधी कार्यों का निराकरण करेंगे.
यह निर्देश अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) बैकुंठपुर, सोनहत और जिले के सभी तहसीलदारों को प्रेषित किए गए हैं. आदेश में कहा गया है कि हफ्ते के बाकी दिनों में पटवारी जरुरत के मुताबिक अपने मुख्यालय, अतिरिक्त प्रभार वाले हल्कों या फील्ड में रहकर राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों का संपादन करेंगे. कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया है कि हर पटवारी अपने मुख्यालय कार्यालय और संबंधित ग्राम पंचायत भवन की दीवार पर आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित कराए. इसमें पटवारी का नाम, संबंधित राजस्व निरीक्षक मंडल का नाम, मुख्यालय ग्राम का नाम, मोबाइल नंबर, मुख्यालय में मिलने का दिवस और कार्यालयीन समय का उल्लेख किया जाए. इससे ग्रामीणों को पटवारी की उपलब्धता की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और उन्हें राजस्व कार्यों के लिए अनावश्यक भटकना नहीं पड़ेगा.
आदेश में यह भी साफ किया गया है कि जिन पटवारियों के पास एक से ज्यादा हल्कों का प्रभार है, वे अतिरिक्त प्रभार वाले मुख्यालय कार्यालयों की दीवारों पर यह जानकारी अंकित कराएंगे कि हर सोमवार को वे अपने मूल हल्का मुख्यालय में उपलब्ध रहेंगे. इससे संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को पटवारी की उपस्थिति और कार्य दिवस की पूर्व जानकारी मिल सकेगी.
प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से ग्रामीणों को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व अभिलेखों से संबंधित कार्यों सहित अन्य राजस्व सेवाएं समय पर उपलब्ध होंगी. साथ ही प्रशासन और आमजन के बीच समन्वय बेहतर होगा और राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण में भी मदद मिलेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



