छत्तीसगढ़ में जुआरियों के अड्डे पर पुलिस की दबिश, जुआ खेलते 6 पटवारी समेत 8 जुआरी गिरफ्तार, 20 लाख का सामान जब्त
Police raid gambling den in Chhattisgarh; 8 gamblers, including 6 Patwaris, arrested; goods worth 20 lakh seized.
जांजगीर-चांपा : शहर के सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेलते आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. चौंकाने वाली बात यह रही कि गिरफ्तार किए गए जुआरियों में छह पटवारी शामिल थे. जिनमें से एक राजस्व पटवारी संघ का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भी था. पुलिस ने मौके से करीब 20 लाख रुपये का सामान जब्त किया. जिसमें नकद 40 हजार रुपये, 52 ताश के पत्ते, छह मोबाइल फोन, दो कार और दो स्कूटी शामिल हैं. यह मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र के रमन नगर का है.
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त खबर मिली कि रमन नगर जांजगीर में रहने वाले रवि राठौर के घर में लंबे समय से जुआ का फड़ चल रहा था. खबर मिलने पर पुलिस ने रात को दबिश दी और वहां जुए के दौरान गिरफ्तारियां की गईं. फड़ से नकद 40,200 रुपए, 52 पत्तियां, 6 मोबाइल, 2 कार, 2 स्कूटी सहित करीब 20 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है.
पकड़े गए लोगों में ज्योतिष कुमार सार्वे (कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, राजस्व पटवारी संघ), हेमचंद तिवारी, रवि राठौर, उमेश कुमार पटेल, गोविंद कांवर, राहुल प्रताप सिंह, देवेश अंबष्ट और पटवारी का निजी कंप्यूटर ऑपरेटर हरीश सिंह शामिल हैं.
कोतवाली थाना प्रभारी मणिकांत पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है. इस कार्रवाई ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है. खासकर पटवारी संघ की साख पर सवाल उठने लगे हैं. क्योंकि संगठन का शीर्ष पदाधिकारी ही जुआ खेलते पकड़ा गया.
एसपी विजय कुमार पांडेय ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. अधिकारियों ने जनता से अपील किया कि किसी भी अवैध गतिविधि या जुआ की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को खबर करें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



