पंचायती राज अधिनियम की धारा 40 के तहत सरपंच प्रीति सोनवानी को SDM ने किया बर्खास्त, 6 साल के लिए चुनाव लड़ने पर लगाई रोक
SDM dismissed Sarpanch Preeti Sonwani under Section 40 of Panchayati Raj Act banned from contesting elections for 6 years
सरपंच प्रीति सोनवानी बर्खास्त , 6 साल के लिए चुनाव लड़ने पर लगी रोक
महासमुंद : ग्राम पंचायत बागबाहरा कला की सरपंच प्रीति सोनवानी को छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम 1993 की धारा 40 के अंतर्गत उनके कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में पद से हटा दिया गया.
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं दंडाधिकारी बागबाहरा उमेश साहू द्वारा दिए गए आदेशानुसार उन्हें अगले 6 साल के लिए किसी भी निर्वाचन में भाग लेने से भी रोक दिया गया.
जारी आदेश में ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत बागबाहरा के रिपोर्ट के मुताबिक 17 जुलाई 2024 से प्रीति सोनवानी ग्राम पंचायत कार्यालय से लगातार गैरहाजिर थी. ग्राम पंचायत की महत्वपूर्ण बैठकों 29 जुलाई, 13 अगस्त और 9 सितंबर 2024 में उनकी गैरमौजूदगी ने पंचायत के कार्यों को बाधित किया.
पंचायत की तरफ से बताया गया कि सरपंच और उनके पति बिना किसी पूर्व सूचना के अपने बच्चों को रिश्तेदार के घर छोड़कर कहीं चले गए. उनके मोबाइल फोन बंद होने की वजह से उनसे संपर्क करना भी संभव नहीं हो पाया. इस गैरहाजिरी के चलते पेंशन, राशन कार्ड, आय/जाति/निवास प्रमाण पत्र और निर्माण कार्य जैसे कई अहम कार्य ठप हो गए.
सरपंच प्रीति सोनवानी को उनकी गैरहाजिरी पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. लेकिन उनके निवास पर भी गैरहाजिर पाए जाने पर ग्राम कोटवार के जरिए चस्पा नोटिस तामील करवाई गई. नोटिस के जवाब न देने और पक्ष पेश न करने की वजह से एकपक्षीय कार्यवाही की गई.
जनपद पंचायत बागबाहरा की जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं दंडाधिकारी ने निर्णय दिया कि सरपंच द्वारा अपने कर्तव्यों में गंभीर लापरवाही और पंचायत कार्यों में उदासीनता बरती गई. यह छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम 1993 और नियम 1994 के तहत ’’स्थायी समिति के सदस्यों की पदावधि और कार्य संचालन की प्रक्रिया का उल्लंघन है.
धारा 40(1) के तहत उन्हें सरपंच पद से अलग कर दिया गया है और धारा 40(2) के तहत 6 साल के लिए निर्वाचन लड़ने से रोक लगा दी गई है. यह कार्रवाई 24 अक्टूबर 2024 को न्यायालयीन हस्ताक्षर और मुहर के साथ जारी की गई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



