शराब दुकान में खपाई जा रही नकली शराब, सेल्समैन के घर से मिला पूरा कारखाना, ग्रामीणों की सतर्कता से खुला बड़ा गोरखधंधा, दो आरोपी गिरफ्तार
Spurious liquor being sold at a liquor shop; a full-fledged manufacturing unit discovered at the salesman's home; villagers' alertness exposes a major illicit operation; two accused arrested.
बलौदा बाजार : बलौदा बाजार जिले की शराब दुकानों में चल रहे कथित गोरखधंधे का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. ग्राम संडी में मंगलवार 9 जून की देर रात ग्रामीणों ने ऐसा खुलासा किया. जिसने आबकारी विभाग और शराब कारोबार की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
झोले में शराब ले जाते पकड़ाए युवक
मिली जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने शराब दुकान के पास दो युवकों को झोले में शराब ले जाते हुए पकड़ लिया. जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने जो बताया उसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. युवकों ने बताया कि वे शराब दुकान के सेल्समैन सूरज टंडन के घर से शराब लेकर आ रहे हैं और इसे दुकान में रखा जाना था.
घर पहुंचते ही सामने आया चौंकाने वाला नजारा
इसके बाद ग्रामीण सीधे सेल्समैन के घर पहुंच गए. वहां जो नजारा दिखाई दिया. उसने सभी को चौंका दिया. घर के आसपास बड़ी तादाद में खाली शराब की बोतलें, ब्रांडेड स्टीकर, ढक्कन और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान पड़ा मिला. देखते ही देखते गांव में चर्चा फैल गई कि कहीं लंबे समय से नकली या मिलावटी शराब तैयार कर ग्राहकों तक तो नहीं पहुंचाई जा रही थी.
खबर मिलते ही हरकत में आया आबकारी विभाग
ग्रामीणों ने फौरन आबकारी विभाग को खबर दी. खबर मिलने के बाद आबकारी अमला हरकत में आया और देर रात छापेमारी कर सेल्समैन सूरज टंडन सहित उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया. मौके से भारी तादाद में संदिग्ध सामग्री, खाली शीशियां और शराब तैयार करने में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं.
अब उठ रहे कई बड़े सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाकर इस पूरे मामले का पर्दाफाश नहीं किया होता तो यह कथित खेल आखिर कब तक चलता रहता? क्या सिर्फ सेल्समैन ही इस पूरे नेटवर्क का हिस्सा था या इसके तार कहीं और भी जुड़े हुए हैं? आखिर शराब दुकान तक यह सामग्री कैसे पहुंच रही थी और किसकी निगरानी में यह सब चल रहा था? इन सभी सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



