स्टील प्लांट में डिप्टी मैनेजर की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप, सरपंच के भाई की मौत से परिजनों में आक्रोश, मौके पर पुलिस बल तैनात

Suspicious death of deputy manager during duty in steel plant, chaos ensues, family members angry over the death of sarpanch's brother, police force deployed on the spot

स्टील प्लांट में डिप्टी मैनेजर की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप, सरपंच के भाई की मौत से परिजनों में आक्रोश, मौके पर पुलिस बल तैनात

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में औद्योगिक हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार की सुबह भूपदेवपुर क्षेत्र में जेएसडब्ल्यू इस्पात स्पेशल प्रोडक्ट्स लिमिटेड ( JSW) में एक और दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया. प्लांट में डिप्टी मैनेजर के पद पर पदस्थ 43 साल के रविन्द्र कुमार डनसेना की काम के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस हादसे ने न सिर्फ उनके परिवार को गहरे सदमे में डुबो दिया. बल्कि औद्योगिक सुरक्षा और प्रबंधन की खामियों को फिर से उजागर कर दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक तारापुर निवासी रविन्द्र कुमार डनसेना सुबह नियमित ए-शिफ्ट के लिए प्लांट पहुंचे थे. सुबह 8 बजे के आसपास वह सेंटर साइड क्षेत्र में कार्यरत थे. तभी एक अप्रत्याशित हादसे ने उनकी जान ले ली. रविन्द्र को जमीन गिरा देखकर साथी कर्मचारियों ने फौरन प्रबंधन को खबर किया. नाजुक हालत में उन्हें जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें प्रारंभिक जांच में ही मृत घोषित कर दिया. लोगों को कहना है कि रविन्द्र की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी.
भूपदेवपुर पुलिस ने हादसे की खबर मिलते ही जांच शुरु कर दी. शुरुआती जांच में रविन्द्र के कपड़ों पर कीचड़ के निशान पाए गए. जो इस हादसे को और रहस्यमयी बना रहे हैं. क्या यह एक मशीनरी हादसा था. या कोई अन्य कारण?
थाना प्रभारी संजय नाग ने बताया कि “मृतक रविन्द्र कुमार डनसेना तारापुर के पूर्व सरपंच राजू डनसेना के भाई थे. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और जांच के बाद ही सही तस्वीर सामने आएगी.”
बता दें कि रविन्द्र की असामयिक मौत की खबर फैलते ही उनके परिजनों और स्थानीय समुदाय में गुस्सा भड़क उठा। परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी. हालत को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने प्लांट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.
बता दें कि जेएसडब्ल्यू प्लांट में आए दिन होने वाले हादसे अब चिंता का विषय बन चुके हैं. एक अफसर की इस तरह संदिग्ध हालत में मौत ने प्लांट की सुरक्षा नीतियों और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरु कर दी है. दूसरी तरफ जेएसडब्ल्यू प्रबंधन ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t