धमतरी में हथियारबंद युवकों का आतंक, घर में घुसकर महिला पर तलवार-डंडों से हमला, हत्या की धमकी, 5 आरोपी गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश
Terror in Dhamtari: Armed youths break into a house, attack a woman with swords and sticks, and threaten to kill her; 5 suspects arrested, search underway for the others.
धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है. शहर के टिकरापारा इलाके में तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडों से लैस करीब 10 से 12 युवकों ने एक महिला के घर में घुसकर जमकर हंगामा किया. आरोपियों ने महिला के साथ झूमाझटकी की और उसे जान से मारने की धमकी दी. इतना ही नहीं, महिला जब अपनी जान बचाने के लिए अपनी मां के घर पहुंची. तो आरोपी वहां भी पहुंच गए और हथियार लहराकर दहशत फैलाने लगे. मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि अन्य की तलाश जारी है
आंगन में बच्चे को खिला रही थी महिला, तभी पहुंचे हथियारबंद युवक
मिली जानकारी के मुताबिक 21 अक्टूबर की रात टिकरापारा निवासी महिला अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी. इसी दौरान करीब 10 से 12 युवक तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडे लेकर अचानक उसके घर में घुस आए. आरोप है कि युवकों ने महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर उसके साथ झूमाझटकी और मारपीट की गई. आरोपियों ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी. अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गई और अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग निकली.
मां के घर पहुंचकर भी किया हंगामा
महिला अपनी जान बचाने के लिए अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची. लेकिन आरोपी युवक उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए. आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और तलवार और लाठी-डंडे लहराकर डर का माहौल बना दिया. महिला और उसके परिवार के सदस्यों को धमकाने की इस घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा. पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर पांच युवकों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र नेताम उर्फ पप्पू उम्र 30 साल, आदित्य मसीह उम्र 19 साल, हिमांशु राकुडला उम्र 20 साल, हर्ष अंगारे उर्फ छोटू उम्र 20 साल और रुद्रेश प्रताप साहू उम्र 29 साल शामिल हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जरुरी कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
वारदात में इस्तेमाल बांस के डंडे जब्त, CCTV फुटेज की जांच
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए बांस के डंडों को जब्त किया है. इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में शामिल अन्य युवक कौन थे और महिला के घर में घुसकर हमला करने के पीछे क्या वजह थी. फिलहाल वारदात के स्पष्ट कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है.
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, वारदात में करीब 10 से 12 युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है. इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. जबकि अन्य की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. सिटी कोतवाली पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
आरोपी
देवेंद्र नेताम उर्फ पप्पू उम्र 30 साल टिकरापारा वार्ड नम्बर 33
आदित्य मसीह उम्र 19 साल टिकरापारा
हिमांशु राकुडला उम्र 20 साल रिसाईपारा पश्चिम वार्ड नम्बर 16
हर्ष अंगारे उर्फ छोटू उम्र 20 साल टिकरापारा
रुद्रेश प्रताप साहू उम्र 29 साल रिसाईपारा पश्चिम
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



