नगर पंचायत कार्यालय बना अखाड़ा, युवक में हंगामा कर किया मारपीट, पुलिस ने लिया सख्त एक्शन, आरोपी हरिशंकर साहू को गिरफ्तार कर भेजा जेल
The Nagar Panchayat office became an arena, a youth created a ruckus and started a fight, the police took strict action, the accused Harishankar Sahu was arrested and sent to jail.
राजनांदगांव/डोंगरगांव : राजनांदगांव जिला के डोंगरगांव नगर पंचायत कार्यालय में उप अभियंता के साथ गाली-गलौज, हंगामा और मारपीट करने वाले आरोपी को डोंगरगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी कृपाराम बर्मन उम्र 56 साल नगर पंचायत डोंगरगांव में उप अभियंता के पद पर पदस्थ हैं. उन्होंने थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 मई 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे वे अपने कार्यालय कक्ष में सरकारी काम कर रहे थे. इसी दौरान वार्ड नंबर 13 मटिया निवासी हरिशंकर साहू कार्यालय पहुंचा और बिल भुगतान की बात को लेकर विवाद करने लगा.
आरोप है कि हरिशंकर साहू ने कार्यालय के भीतर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट की. जिससे उप अभियंता को चोट आई. घटना के बाद प्रार्थी की शिकायत पर थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 121(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई.
इस मामले की खबर वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने घटना को कबूल किया. जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



