23वें दिन भी जारी एनएचएम कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, जमकर नारेबाजी, तालाब में उतरे कर्मचारी, जल सत्याग्रह से जताया आक्रोश
The indefinite strike of NHM workers continued on the 23rd day, there was loud sloganeering, the workers entered the pond and expressed their anger through Jal Satyagraha
गरियाबंद : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा अधिकारी-कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर पिछले 23 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं. लेकिन सरकार की खामोशी से नाराज होकर मंगलवार को उन्होंने आंदोलन को और तेज करते हुए जल सत्याग्रह का सहारा लिया.
मंगलवार दोपहर गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित चिन्ह तालाब में जिले भर से पहुंचे एनएचएम पदाधिकारी और कर्मचारियों ने पानी में उतरकर कई घंटे खड़े रहे इस दौरान उन्होंने नारेबाजी कर अपनी मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया. उन्होंने राज्य शासन होश में आए दमनकारी नीति नहीं चलेगी दमन के आगे नहीं झुकेंगे. श्याम बिहारी जायसवाल होश में आओ.. जैसे नारे लगाए.
कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से सेवा शर्तों में सुधार, नियमितीकरण, वेतनमान और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं. लेकिन 23 दिन बीत जाने के बाद भी सरकार की तरफ से कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया.
जल सत्याग्रह में शामिल पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर मांगों पर तत्काल पहल नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र होगा. उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और मरीजों की सेवा को ध्यान में रखकर अब तक संयम बरता गया. लेकिन सरकार की चुप्पी ने उन्हें कठोर कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है.
लगातार जारी हड़ताल से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं. ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पताल तक मरीज परेशान हैं. कई जगह तो प्राथमिक इलाज तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. इसके बावजूद सरकार और प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
एनएचएम कर्मियों का कहना है कि वे स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं और महामारी से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है. ऐसे में सरकार का चुप रहना न सिर्फ कर्मचारियों के लिए बल्कि मरीजों और जनता के लिए भी घातक है. अब गरियाबंद से उठी जल सत्याग्रह की लहर सरकार तक पहुंचकर क्या असर डालेगी, यह देखने वाली बात होगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



