श्रीराम केयर हॉस्पिटल में आरक्षक की गई जान, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप, अस्पताल संचालक- हार्टअटैक की वजह से कांस्टेबल की मौत
A constable died at Shriram Care Hospital; family members accused doctors of negligence. Hospital administrators stated that the constable died of a heart attack.
बिलासपुर : बिलासपुर शहर के श्रीराम केयर अस्पताल में एक आरक्षक की मौत के बाद हंगामे के हालात बन गए. परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर बवाल किया. मौत के बाद अस्पताल में तनाव का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ानी पड़ी.
मिली जानकारी के मुताबिक सरकंडा थाने में पदस्थ मृतक आरक्षक सत्यकुमार पाटले को 28 तारीख को पथरी की समस्या के चलते श्रीराम केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों द्वारा उनका ऑपरेशन किया गया. जिसके बाद शुरुआती दिनों में उनकी हालत सामान्य बताई जा रही थी.
परिजनों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद आरक्षक की तबीयत में सुधार देखा जा रहा था. लेकिन आज शाम अचानक उनकी हालत बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें अस्पताल में ही इलाज दिया गया. लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी मौत हो गई.
जैसे ही यह खबर परिजनों को मिली. वे आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया. परिजनों ने आरोप लगाया है कि इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसकी वजह से आरक्षक की जान गई. उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर उचित देखभाल न करने का आरोप लगाया और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की. परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत पर पर्याप्त निगरानी नहीं रखी गई.
मौत के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी तादाद में लोग इकठ्ठा हो गए. जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. हालात को कंट्रोल करने के लिए स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. अस्पताल प्रशासन के डॉक्टरों ने इलाज में किसी तरह की लापरवाही से इंकार किया है और कहा है कि मरीज की हालत अचानक नाजुक हो गई थी
इस घटना ने एक बार फिर प्राइवेट अस्पतालों में इलाज और मरीजों की देखभाल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजन लगातार यह मांग कर रहे हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और यदि लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई हो.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल वजह की पुष्टि हो सकेगी. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि अस्पताल के मुख्य संचालक डॉक्टर अमित सोनी के खिलाफ परिजनों के बयान और मेडिकल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी. वही एक होनहार आरक्षक की हुई इस आकस्मिक मौत के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है.फिलहाल अस्पताल परिसर में हालात कंट्रोल में बताए जा रहे हैं. लेकिन परिजनों का आक्रोश अभी भी बना हुआ है.
गौरतलब है कि इससे पहले भी श्री राम केयर हॉस्पिटल पर इलाज में लापरवाही के आरोप लग चुके हैं. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है. पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह सामने आने की बात कह रही है. जबकि इस मामले में परिजनों ने डाक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए है और चार घंटे तक इलाज नहीं मिलने के कारण आरक्षक की मौत के आरोप लगाए है जबकि इस मामले में श्रीराम केयर के डाक्टर लगातार मौत के लिए अलग अलग कारण बता कर अपने आपको बचाने का प्रयास कर रहे हैं. इस मामले में डाक्टर अमित सोनी ने आरक्षक की मौत हार्टअटैक से होने की बात कही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



