महिलाओं के गिरोह ने रची लूट की साजिश, बाल खींचे, सीट बदली और उड़ गया मंगलसूत्र, शोर मचते ही आरोपी फरार, तीन महिलाएं गिरफ्तार

A gang of women plotted a robbery, pulled hair, changed seats, and the mangalsutra flew away. The accused fled after a commotion, and three women were arrested.

महिलाओं के गिरोह ने रची लूट की साजिश, बाल खींचे, सीट बदली और उड़ गया मंगलसूत्र, शोर मचते ही आरोपी फरार, तीन महिलाएं गिरफ्तार

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जहां इंसाफ की उम्मीदें जन्म लेती हैं. वहीं दिनदहाड़े एक महिला के सुहाग पर हाथ डालने की साजिश ने हर किसी को चौंका दिया. छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में उसलापुर ओवरब्रिज के पास बच्चों को स्कूल से लेने जा रही एक महिला का मंगलसूत्र खींचकर फरार हो रही तीन महिलाओं को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने तीनों महिलाओं को अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक अटल आवास सकरी में रहने वाली मनीषा सोनी एलआईसी एजेंट हैं. मंगलवार दोपहर वे अपने पति नर्मदा प्रसाद सोनी के साथ ऑटो से बच्चों को लेने स्कूल जा रही थीं. ऑटो उनके पति चला रहे थे. रास्ते में पांच महिलाओं ने हाथ दिखाकर ऑटो रुकवाया और नेहरु चौक जाने की बात कही. मदद के भाव से मनीषा के पति ने सभी महिलाओं को ऑटो में बैठा लिया. जब ऑटो उसलापुर ओवरब्रिज के पास पहुंचा. तभी पीछे बैठी एक महिला ने अचानक मनीषा के बाल खींच दिया. इस पर मनीषा ने पीछे मुड़कर देखा तो महिला ने सीट बदलने की बात कही.
इसी दौरान एक अन्य महिला ने बीच वाली सीट पर बैठने के लिए कहा. जैसे ही मनीषा सीट बदलकर दूसरी ओर बैठीं. उन्हें अपने गले से मंगलसूत्र गायब होने का एहसास हुआ. उन्होंने फौरन अपने पति से ऑटो रोकने को कहा और शोर मचाया. शोर सुनते ही महिलाएं ऑटो से उतरकर उसलापुर रेलवे स्टेशन की ओर भागने लगीं. पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने फौरन नाकाबंदी कर संदिग्ध महिलाओं की तलाश शुरु की. कुछ ही देर में पुलिस टीम ने सूरजपुर जिले के जय नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुरमुरा में रहने वाली रचना गिरी गोस्वामी (25), रजन गिरी गोस्वामी (32) और कौशिल्या गिरी गोस्वामी (30), निवासी पोड़ी उपरोड़ा जिला कोरबा को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र बरामद किया गया.
पुलिस जांच में सामने आया है कि ये महिलाएं एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ी हुई हैं. यह गिरोह ट्रेन के जरिए अलग-अलग शहरों में पहुंचता है और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाता है. खासतौर पर ऑटो में सफर कर रही महिलाओं का ध्यान भटकाकर गहनों की चोरी की जाती है. इसके अलावा आरोपी महिलाएं ज्वेलरी दुकानों में खरीदी के बहाने भी चोरी की वारदातों को अंजाम देती हैं. इससे पहले भी कोतवाली पुलिस ने इसी गिरोह की तीन महिलाओं को सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था. पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
गिरफ्तार आरोपी
रचना गिरी गोस्वामी उम्र 25 साल महेशपुरमुरा, थाना जय नगर, जिला सूरजपुर
रजन गिरी गोस्वामी उम्र 32 साल महेशपुरमुरा, थाना जय नगर, जिला सूरजपुर
कौशिल्या गिरी गोस्वामी उम्र 30 साल पोड़ी उपरोड़ा, जिला कोरबा
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t