कोयला कारोबार में मुनाफे का झांसा देकर 68 लाख की ठगी, पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीनों आरोपीयों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
A man was duped of Rs 68 lakh by promising profits in the coal business. The police arrested the three accused, including a husband and wife, and sent them to jail.
बिलासपुर : कोयले के व्यापार में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 68 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह पर सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित अरविंद सिंह पवार, निवासी उज्जैन (मध्यप्रदेश), जो गुरु प्रकाश बायो फ्यूल, गुरु एग्रो ब्रिकेट्स और प्रकाश लोक बायो फ्यूल के नाम से व्यवसाय करते हैं. उन्होंने 11 जनवरी 2026 को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में अतीक उर रहमान उर्फ राजा खान उनसे बिलासपुर के सेंट्रल पॉइंट होटल में मिला और कोयले के व्यापार में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का प्रस्ताव दिया.
राजा खान ने अपने परिचित सोनम कश्यप और नहरु साहू से उनकी मुलाकात कराई. सोनम कश्यप ने खुद को “सुपर कोल ट्रेडिंग” की प्रोप्राइटर और नहरु साहू ने “एस.एस. कोल ट्रेडिंग” का मालिक बताया. उन्होंने कोयला खरीद-बिक्री पर प्रति टन 200 से 500 रुपये तक का लाभ पांच दिनों के भीतर देने का भरोसा दिलाया.
उनकी बातों में आकर अरविंद पवार ने अलग-अलग तारीख में अपने फर्म के खाते और नकद मिलाकर कुल 1 करोड़ 13 लाख 10 हजार रुपये निवेश कर दिए. कुछ समय बाद आरोपियों ने 61 लाख 2 हजार 626 रुपये तो लौटा दिया. लेकिन बाकी 67 लाख 97 हजार 374 रुपये वापस नहीं किया. बार-बार मांग करने पर वे टालमटोल करने लगे और आख़िरकार पैसा लौटाने से इंकार कर दिया.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक (एसीसीयू) अनुज कुमार, सीएसपी सरकंडा निमितेश और थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई. पुलिस ने नहरु साहू उर्फ नेहरु, अतीक उर रहमान और सोनम कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां तीनों ने जुर्म करना कबूल कर लिया.
इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. सरकंडा पुलिस की इस कार्रवाई से कोयला व्यापार के नाम पर हो रही ठगी पर बड़ा अंकुश लगा है. और ऐसे मामलों में संलिप्त अन्य लोगों को भी कड़ा संदेश गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



