नाबालिग लड़के की चोरी के शक में खंभे से बांधकर पिटाई, वीडियो सोशल, पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे

A minor boy was tied to a pole and beaten on suspicion of theft, the video went viral; police arrested two accused and sent them behind bars.

नाबालिग लड़के की चोरी के शक में खंभे से बांधकर पिटाई, वीडियो सोशल, पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां चाय-नाश्ते की दुकान में चोरी के शक में एक नाबालिग लड़के को बंधक बनाकर खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक राजीव नगर निवासी प्रकाश नेताम अपनी दुकान में चाय-नाश्ता और किराना सामग्री बेचता है. उसी दौरान 27 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे दुकान से गोली, बिस्किट और सिगरेट गायब हो गए. इस पर प्रकाश नेताम और उसके भाई दीपक नेताम ने चोरी का शक अपने ही इलाके के एक नाबालिग पर जताया. दोनों ने नाबालिग को पकड़कर दुकान के पास स्थित एक खंभे से रस्सी से बांध दिया और उसकी बेल्ट, हाथ और थप्पड़ों से पिटाई की.
इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया और बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया. वीडियो में देखा जा सकता है कि नाबालिग डरा-सहमा खंभे से बंधा हुआ है और आरोपी उसे लगातार पीट रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित परिवार अपमान और मानसिक तनाव में आ गया.
पीड़ित नाबालिग के पिता ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके बेटे को चोरी का झूठा आरोप लगाकर बंधक बनाकर मारा गया और वीडियो बनाकर उसकी बेइज्जती की गई. उन्होंने पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपी- प्रकाश नेताम और दीपक नेताम को गिरफ्तार कर लिया. उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2), 127(2), 3(5) के साथ-साथ बालकों की देखरेख और संरक्षण अधिनियम 2015 की धारा 74 व 75 के तहत मामला दर्ज किया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t