धमतरी से 35 लोगों को लेकर चौथिया जा रही तेज रफ्तार पिकअप पलटी: एक की मौत, 17 घायल; 5 की हालत नाजुक, नशे में ड्राइवर!, मातम में बदली खुशियां
A speeding pickup truck carrying 35 people from Dhamtari to Chauthia overturned: one dead, 17 injured; 5 critical, driver drunk! Joy turns to mourning
बालोद : धमतरी जिले के एक यादव परिवार के लिए 'चौथिया' की रस्म उस समय हादसे में बदल गई. जब बालोद जिले के झलमला-रानीमाई मार्ग पर उनकी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 17 लोग घायल हो गए. इनमें से 5 की हालत नाजुक बताई जा रही है. जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक धमतरी जिले के भानपुरी निवासी टीकाराम यादव की बेटी का विवाह डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्ररीठमा में हुआ था. शुक्रवार शाम परिवार के करीब 35 सदस्य पिकअप वाहन में सवार होकर चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे. शाम करीब 6:30 बजे तालगांव के आगे रानीमाई मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में सुरेश यादव उम्र 45 साल की मौत हो गई.
घायलों मनीष यादव और दीपक यादव के मुताबिक वाहन में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे. महिलाओं को पहले बस से भेजा गया था. जबकि कुछ लोग मेटाडोर से गए थे. बाकी लोग पिकअप में जा रहे थे. आरोप है कि चालक उमाशंकर निर्मलकर वाहन को तेज गति से चला रहा था और यात्रियों द्वारा बार-बार सावधानी बरतने की बात कहने के बावजूद उसने रफ्तार कम नहीं की.
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. कई लोग वाहन से उछलकर सड़क किनारे और झाड़ियों में जा गिरे। कई घायलों के सिर पर चोट आई. जबकि कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया. स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज जारी है.
वाहन में 5 से 10 साल की उम्र के करीब 10 बच्चे भी सवार थे. जो बीच में बैठे होने की वजह से सुरक्षित बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं. वहीं अन्य कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं.
शुरूआती जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने उसका मेडिकल चेकअप कराया है. चालक ने अपने बयान में बताया कि मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया.
जांच में यह भी सामने आया है कि चालक को ड्राइविंग का सीमित अनुभव था. वह करीब एक साल पहले ही ड्राइवर बना था. जिस पिकअप वाहन को वह चला रहा था. उसे उसके परिजनों द्वारा टीम महीने पहले खरीदा गया था.
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज किया जाएगा. गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर किया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



