युवक ने घर में फांसी लगाकर दी जान, दिन भर खेली होली, रात में फंदे से लटकी मिली लाश; मचा हड़कंप, सुसाइड के कारणों का पता लगा रही पुलिस
A young man hanged himself at home, played Holi all day, and was found hanging at night; the police are investigating the cause of the suicide.
दुर्ग : भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत 24 साल के युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. युवक की पहचान राजीव नगर, भिलाई निवासी सौरभ सोनकर के रुप में हुई है. युवक होली के दिन परिजनों के साथ था और होली भी खेली. लेकिन रात में फांसी के फंदे पर उसकी लाश मिली.
मिली जानकारी के मुताबिक सौरभ ने अपने ही घर में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी. जब परिजनों और दोस्तों को इसकी जानकारी मिली तो वे फौरन उसे नीचे उतारकर भिलाई के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल के बाहर कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था. बड़ी तादाद में परिजन और जानने वाले वहां पहुंच गए थे. परिवार के लोग उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे. लेकिन बाद में उन्होंने शव को उसी अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवा दिया.
परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में कराया जाएगा.
घटना की खबर मिलते ही सुपेला थाना और वैशाली नगर थाना के प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घर का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका है.
परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



