मधुमक्खियों ने राहगीरों पर किया हमला, सड़क पर मची अफरा-तफरी, छात्र समेत 5 लोग घायल, एक युवक आईसीयू में भर्ती, आवागमन बंद!
Bees attacked pedestrians, causing chaos on the road, 5 people including a student injured, a youth admitted to ICU, traffic stopped!
धमतरी : धमतरी शहर से लगे रुद्री रोड स्थित दुलारी नगर के पास गुरुवार सुबह अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई. जब मधुमक्खियों के झुंड ने राहगीरों पर हमला कर दिया. घटना इतनी अचानक हुई कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. देखते ही देखते सड़क पर चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस हमले में एक छात्र सहित 5 लोग घायल हो गए. इनमें से एक व्यक्ति को नाजुक हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक सड़क किनारे किसी पेड़ या भवन में मधुमक्खियों का छत्ता था. अचानक किसी वजह से मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और वहां से गुजर रहे लोगों पर टूट पड़ीं. कुछ लोग बाइक और स्कूटी से जा रहे थे. जबकि कई पैदल राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए. हमले से बचने के लिए लोग आसपास की दुकानों और घरों में घुस गए.
मधुमक्खियों के हमले में रुद्री निवासी यशवंत सिदार उम्र 45 साल गंभीर रुप से घायल हो गए. पास से गुजर रही एक स्कूटी सवार महिला ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें फ़ौरन ओजस्वी नर्सिंग होम पहुंचाया. जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है.
छात्र पर भी मधुमक्खियों का हमला
वहीं गोकुलपुर स्कूल जा रहे साइकिल सवार छात्र विहान साहू पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को अस्थायी रुप से खाली कराया गया. लोगों को कुछ समय तक उस मार्ग से न गुजरने की चेतावनी दी गई.
प्रशासन ने एहतियातन दुलारी नगर मार्ग पर यातायात धीमा कर दिया ताकि किसी और को नुकसान न पहुंचे. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी मधुमक्खियों का छत्ता देखा गया था. लेकिन इस तरह के हमले की किसी ने कल्पना नहीं की थी.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यूएल कौशिक ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है. हालात कंट्रोल में है और सभी मरीज खतरे से बाहर हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



