सरकारी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के नाम पर लाखों रुपए का भ्रष्टाचार, छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा विभाग का बाबू सस्पेंड
Corruption of lakhs of rupees in the name of filling petrol in government vehicles, Babu of Higher Education Department of Chhattisgarh suspended
रायपुर : सरकारी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के नाम पर लाखों रुपए का भ्रष्टाचार करने के आरोप में उच्च शिक्षा विभाग के बाबू काे सस्पेंड कर दिया गया है. यह आदेश उच्च शिक्षा विभाग आयुक्त जनक पाठक ने जारी किया है. निलंबन काल में आकाश श्रीवास्तव सहायक ग्रेड-02 का मुख्यालय उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है. निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा.
उच्च शिक्षा संचालनालय से जारी आदेश में कहा गया है कि एक साल से वर्क फार्म होम कार्य करने और वित्तीय अनियमितता संबंधी शिकायत मिली थी. जांच समिति की रिपोर्ट के मुताबिक बाबू आकाश श्रीवास्तव ने अनाधिकृत तरीके से कर्तव्य पर अनुपस्थित रहा और उच्च शिक्षा, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में लेखा संबंधी कार्यों में सुनियोजित तरीके से कुटरचना कर करीब 18,55,289 रुपए का गबन किया जाना पाया गया है.
आकाश श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड-02 का यह कृत्य छग सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 का स्पष्ट उल्लंघन है. इसके चलते आकाश श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड-02, उच्च शिक्षा संचालनालय को तत्काल प्रभाव से सेवा से सस्पेंड किया जाता है. दरअसल उच्च शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में सरकारी गाड़ी में पेट्रोल डलवाने के नाम पर एक बाबू ने बड़ा घोटाला किया है.
जांच में पता चला कि अपर संचालक की गाड़ी बिना चले ही 6 महीने में 6 लाख रुपए की पेट्रोल पी गई. क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ आकाश श्रीवास्तव (सहायक गेड-2) बाबू ने पूरे भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है. इसके अलावा इसी ऑफिस में 4 कर्मचारियों को हर महीने वेतन देने के नाम पर दस महीने तक 10-10 हजार रुपए शासन से लिए गए. ये कर्मचारी कार्यालय में पदस्थ ही नहीं हैं. यह फर्जीवाड़ा देवकुमार वर्मा, अजय टंडन, भूपेंद्र वर्मा और खिलावन जोशी नाम के कर्मचारियों के नाम पर किया गया था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



