राजिम के कुलेश्वर मेडिकल स्टोर में औषधि विभाग की छापेमारी, झोलाछाप डॉक्टरों पर लगेगी लगाम, नशीली और एक्सपायरी दवाएं जब्त
Drug department raids Kuleshwar Medical Store in Rajim, quack doctors to be curbed, narcotic and expired medicines seized
गरियाबंद/राजिम : लंबे समय बाद गरियाबंद जिले में औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है. राजिम में सीता राम साहू (बल्लू) की कुलेश्वर मेडिकल स्टोर में औचक निरीक्षण कर औषधि निरीक्षकों की टीम ने करीब चार घंटे तक जांच की. इस दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं. मेडिकल स्टोर से न सिर्फ एक्सपायरी और नियर-एक्सपायरी दवाएं बरामद की गईं, बल्कि नशीली दवाओं का भी बिना लाइसेंस स्टॉक मिला.
औषधि निरीक्षकों की टीम धर्मवीर सिंह ध्रुव, सुनील खरांसु और सतीश सोनी ने बताया कि कुलेश्वर मेडिकल से क्षेत्र के झोला छाप डॉक्टरों को नियमों के खिलाफ दवाएं सप्लाई किए जाने की शिकायत मिली थी. इसी के आधार पर जांच की गई. टीम ने मौके पर मिले सभी दवाओं का पंचनामा तैयार कर संचालक को जवाब पेश करने नोटिस जारी किया गया. निरीक्षकों ने बताया कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो स्टोर का लाइसेंस रद्द करने से लेकर कानूनी कार्रवाई तक के कदम उठाए जा सकते हैं.
दवा बेचने के लिए कई नियम कायदे बनाए गए हैं. जिसका पालन उक्त दुकान में नहीं पाया गया. टीम ने लेखा जोखा भी जब्त किया है. नशीली दवाओं के लिए जरुरी दस्तावेज भी नहीं मिले हैं. जरुरी नियम पालन किए बगैर ही इलाके भर में बगैर बिल काटे लाखों की बिक्री के सबूत मिले हैं. हालांकि टीम ने इसकी पुष्टि नहीं किया है लेकिन कारण बताओ नोटिस में दिए गए बिंदुओं में इसका जिक्र है. फिलहाल टीम ने अपनी मैदानी कार्रवाई कर दिया है. अब देखना होगा कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी या फिर उसे राजनीतिक प्रभाव से मामला दबा दिया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



