खाद की किल्लत से जूझ रहे 14 गांव के किसान, NH 930 किया जाम, भड़के किसानों ने रोकी आवाजाही, बोले- खेत सूने, गोदाम खाली
Farmers of 14 villages are facing shortage of fertilizers, blocked NH 930, angry farmers stopped the movement, said- fields are barren, warehouses are empty
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में खाद की किल्लत से जूझ रहे ग्राम कुसुमकसा सहित आसपास के 14 गांव के सैकड़ों किसानों ने खाद की मांग करते हुए बालोद-दल्ली राजहरा-राजनांदगांव मुख्यमार्ग NH 930 को चक्काजाम किया. इस चक्काजाम से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा.
बालोद जिले में खाद की किल्लत से जिले के 14 गांवों के सैकड़ों किसान और ग्रामीण सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर कुसुमकसा गांव के पास धरने पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया. इस आंदोलन के चलते राजनांदगांव-बालोद-भानुप्रतापपुर मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया.
प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि वे लगातार प्रशासन से खाद की उपलब्धता की मांग कर रहे हैं. लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ भी नहीं मिला. अब धान की बोवाई का समय निकलता जा रहा है. और खाद नहीं मिलने से फसल बर्बाद होने का खतरा बढ़ गया है. ऐसे में मजबूर होकर किसानों ने सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया.
किसानों ने धरना स्थल पर जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया. “खाद दो, वरना रास्ता बंद रहेगा” जैसे नारों से हाईवे गूंज उठा. आंदोलन की वजह से NH-930 पर दोनों ओर सैकड़ों गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई. जिससे आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रदर्शन में शामिल किसानों ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से खाद के लिए भटक रहे हैं. खाद नहीं मिलने से परेशान हैं. अभी तक फसलों में खाद का छिड़काव नहीं कर पाए हैं. समय पर खाद नहीं मिलने से फसल पर असर पड़ रहा है. जबकि फसल को खाद की इसी वक्त ज्यादा जरुरत है. कुछ दिनों के अंदर फसलों को खाद नहीं मिला तो फसल बर्बाद हो जाएगी. इसका असर सीधे उत्पादन पर आएगा.
किसान नेता और पूर्व जनपद सदस्य अनिल सुथार ने सरकार की कृषि नीति पर सवाल उठाए हैं.उन्होंने कहा कि सरकार की असफल कृषि नीति का ही नतीजा है कि सोसायटी किसानों को समय पर खाद नहीं दे पा रही है.
उन्होंने आरोप लगाया कि शासन खुद ही योजनाबद्ध तरीके से किसानों को खाद से वंचित कर रहा है. जिससे धान का उत्पादन घटे और सरकार को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कम धान खरीदना पड़े.
किसानों के आक्रोश को देखकर एसडीएम सुरेश साहू, डीएमओ सौरभ भारद्वाज और पुलिस के विरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने किसानों को समझाया और तत्काल एक ट्रक खाद भेजकर जल्द बाकी खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



