खाद-ऋण के लिए परेशान किसान, SDM को घेरकर जताया आक्रोश, जिला सहकारी बैंक मैनेजर अपमानजनक टिप्पणी से किसानों में नाराजगी

Farmers worried about fertilizer loan, surrounded SDM and expressed their anger, farmers were angry with the insulting remarks of District Cooperative Bank Manager

खाद-ऋण के लिए परेशान किसान, SDM को घेरकर जताया आक्रोश, जिला सहकारी बैंक मैनेजर अपमानजनक टिप्पणी से किसानों में नाराजगी

गरियाबंद : देवभोग क्षेत्र के किसानों की समस्याएं लगातार गहराती जा रही हैं. खेतों में धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्य पूरे जोर पर हैं. लेकिन खाद और कृषि ऋण के अभाव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दीवानमूड़ा सहकारी समिति में समय पर यूरिया और डीएपी खाद की अनुपलब्धता और ऋण वितरण में हो रही देरी से नाराज किसान आज देवभोग तहसील कार्यालय पहुंच गए.
कर्ज और खाद के लिए कई दिनों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे किसानों ने आज अपने आक्रोश का इजहार करते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया. इस दौरान काफी देर तक हंगामे की हालत बनी रही. किसानों ने लापरवाह व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और पूछा कि जब कृषि का सीजन पूरे चरम पर है तब सरकार की मूलभूत सुविधाएं समय पर क्यों नहीं मिल रही हैं?
इस पूरे घटनाक्रम में स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब जिला सहकारी बैंक के व्यवस्थापक अमर सिंह ठाकुर ने किसानों से बातचीत के दौरान अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया. बहस के दौरान उन्होंने एक किसान से कह दिया – “तेरा पैजामा धो दूँगा क्या?”
इस अपमानजनक टिप्पणी से आक्रोशित किसानों ने तीव्र विरोध दर्ज कराया. मौके पर मौजूद अधिकारियों को हस्तक्षेप कर मामला शांत करना पड़ा. किसान नेताओं ने इस बयान की निंदा करते हुए इसे “किसानों का अपमान” बताया और संबंधित बैंक मैनेजर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की.
घटना के बाद तहसीलदार और एसडीएम ने मौके पर मौजूद किसानों को शांत करने की कोशिश की और समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिया. लेकिन किसानों को कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल सका.
किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते खाद और ऋण की समस्या का हल नहीं हुआ. तो वे व्यापक आंदोलन के लिए मजबूर होंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें 
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB