पिता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, 8 लाख का कर्ज चुकाने बेची जमीन, विरोध करने पर पिता-पुत्र में हुआ विवाद, बेटे ने किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

Father hacked to death with an axe; land sold to repay a debt of ₹8 lakh; dispute arose when the father objected; son launched a fatal attack; accused arrested.

पिता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, 8 लाख का कर्ज चुकाने बेची जमीन, विरोध करने पर पिता-पुत्र में हुआ विवाद, बेटे ने किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद बेटे द्वारा अपने ही पिता की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का मामला सामने आया है. जमीन बिक्री से मिले पैसों को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बेटे ने टांगी से पिता के सिर पर हमला कर दिया. जिससे उनकी मौत हो गई. दरिमा पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार सिंह पिता रामाशंकर सिंह उम्र 38 साल निवासी ग्राम भालूकछार, थाना दरिमा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 3 अक्टूबर को भालूकछार इमलीपारा निवासी मधुवन शंकर सिंह ने थाना दरिमा पहुंचकर अपने बड़े भाई रामाशंकर सिंह की हत्या की खबर दी. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसके बड़े भाई की हत्या कथित तौर पर उनके बेटे मुकेश कुमार सिंह ने की है. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की.
कमरे में खून से लथपथ मिला शव
रामाशंकर सिंह का शव घर के एक कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था. दरिमा पुलिस की टीम एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और मामले से संबंधित सबूत जुटाए. इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर मृतक के बेटे मुकेश कुमार सिंह को हिरासत में लिया.
जमीन के पैसों को लेकर हुआ विवाद
आरोपी से पूछताछ के दौरान हत्या की वजह जमीन बिक्री से मिले पैसों को लेकर हुआ विवाद सामने आया. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जमीन बेचने के बाद मिली रकम को लेकर उसका अपने पिता के साथ विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में मुकेश ने लोहे की टांगी से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से रामाशंकर सिंह की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल खून लगी लोहे की टांगी भी जब्त की है. इसे मामले में अहम सबूत के रूप में जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों और पूछताछ के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ाई. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध पाए जाने पर मुकेश कुमार सिंह पिता रामाशंकर सिंह उम्र 38 साल निवासी ग्राम भालूकछार, थाना दरिमा को विधिवत गिरफ्तार किया गया. इसके बाद आरोपी को अदालत के सामने पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस मामले में घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों को भी जांच में शामिल किया गया है.
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत गौरव कुर्रे, उप निरीक्षक राजेश तिवारी, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज मालवीय सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मचारियों की भूमिका रही. जमीन की बिक्री से मिले पैसों को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद हत्या तक पहुंचने से इलाके में सनसनी फैल गई. फिलहाल आरोपी न्यायिक रिमांड पर है और दरिमा पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb