रेलवे में नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, नौकरी का झांसा देकर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भेजकर ठगे 5 लाख, आरोपी पति-पत्नी गैंग बिहार से गिरफ्तार
Fraud of lakhs in the name of job in railway, 5 lakhs cheated by sending fake joining letter on the pretext of job, accused husband-wife gang arrested from Bihar
बिलासपुर : रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले पति-पत्नी को बिलासपुर पुलिस ने बिहार के भागलपुर से गिरफ्तार किया. पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में यह कार्यवाही एसीसीयू बिलासपुर और थाना बिल्हा की संयुक्त टीम द्वारा की गई.
मिली जानकारी के मुताबिक बिल्हा निवासी डोमन कुमार राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ट्रेन में सफ़र के दौरान उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई. जिसने खुद को रेलवे में लोको पायलट बताया. धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ने पर आरोपी रुपेश कुमार रजक और उसकी पत्नी रोमा कुमारी ने उसे रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया. उन्होंने डीआरएम और जीएम जैसे उच्चाधिकारियों से संपर्क होने का दावा करते हुए 5.40 लाख रुपये ठग लिए.
शुरुआत में आरोपी ने प्रार्थी से तीन लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए, बाद में अलग-अलग किस्तों में दो लाख चालीस हजार रुपये और लिए. यकीन बढ़ाने के लिए आरोपी ने प्रार्थी को नकली चयन सूची और ज्वाइनिंग लेटर भी दिया. जब प्रार्थी को नौकरी नहीं मिली और उसने अपने पैसे वापस मांगे. तो आरोपी बहानेबाजी करने लगा.
पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी अनुज कुमार और सीएसपी डी.आर. टंडन को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. तकनीकी इनपुट और ग्राउंड वर्क के आधार पर आरोपी दंपती का पता बिहार के भागलपुर में लगाया गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया. इस तरह की घटनाएं बार-बार होने के बावजूद बेरोजगार युवक रेलवे में नौकरी लगने की लालच में ऐसे ही शातिर ठगों का शिकार बनते हैं.
बिलासपुर पुलिस ने आमजन से अपील किया है कि किसी भी नौकरी, इनाम या अन्य लालच से जुड़ी पेशकश पर सावधानी बरतें. ठगी का शिकार होने पर फौरन पुलिस से संपर्क करें.
गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, प्रधान आरक्षक बलराम विश्वकर्मा, आरक्षक संतोष मरकाम और महिला आरक्षक जीवन्ती ने अहम भूमिका निभाई. एसीसीयू बिलासपुर का भी योगदान रहा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



