जादू-टोना के शक में हत्या, बुजुर्ग ने युवक को लकड़ी से जानलेवा वार कर उतारा मौत के घाट, फरार आरोपी भीमा गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल
Murder on suspicion of witchcraft: Elderly man kills young man with a wooden stick; absconding accused Bhima arrested and sent to jail
दंतेवाड़ा : दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मांझीपारा मसेनार में 27 जनवरी को हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जादू-टोना से जुड़ी आशंका और आपसी विवाद के चलते हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी.
मिली जानकारी के मुताबिक 27 जनवरी को शाम करीब 6 बजे ग्राम मांझीपारा मसेनार में मृतक मुरहा अतरा और आरोपी भीमा अतरा उम्र 66 साल के बीच जादू-टोना को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर पास की बाड़ी से लकड़ी का एक टुकड़ा उठाया और मृतक के सिर पर जोरदार वार कर दिया. गंभीर चोट लगने की वजह से मुरहा अतरा की मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. जिससे गांव में डर और तनाव का माहौल बन गया. परिजनों द्वारा इसकी खबर पुलिस को दी गई. मृतक के परिजन अनिल अतरा की रिपोर्ट पर थाना भांसी में आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की गई.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन एवं कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भांसी प्रदीप बिसेन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने आरोपी की संभावित ठिकानों पर दबिश दी और गांव में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया.
लगातार प्रयासों के बाद गुरुवार को आरोपी भीमा अतरा को मसेनार गांव से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल की. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का टुकड़ा भी बरामद कर जब्त कर लिया है. जिसे सबूत के तौर पर अदालत में पेश किया जाएगा.
पुलिस ने मामले को अजमानतीय मानते हुए आरोपी को अदालत बचेली में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.इस मामले की जांच पूरी कर जल्द ही चालान अदालत में पेश किया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



