कबीरधाम में सब्जी बनाने को लेकर भाईयों में विवाद, छोटे ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपी श्रवण गिरफ्तार
In Kabirdham, brothers quarreled over vegetable cooking; the younger brother attacked the elder brother with an axe and killed him. The accused, Shravan, was arrested.
कबीरधाम : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. जहां घरेलू विवाद ने खून खराबे का रुप ले लिया. मामूली बहसबाजी से शुरु हुआ तनाव इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई विनोद बंजारे उम्र 38 साल निवासी कबीरधाम पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक विनोद बंजारे और उसका छोटा भाई श्रवण बंजारे के बीच पिछले कुछ समय से घर में छोटी छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था. मृतक की मां ने बताया कि सोमवार शाम दोनों भाइयों के बीच रोजाना एक ही सब्जी बनाए जाने को लेकर फिर से कहासुनी शुरु हुई. देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि श्रवण अपना आपा खो बैठा. गुस्से में उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और विनोद पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से विनोद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
वारदात की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर नियंत्रित किया. फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. जिन्होंने घटनास्थल से अहम सबूत इकठ्ठा किया. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है. शुरुआती जांच में यह साफ हुआ कि हत्या पूरी तरह आवेश और पारिवारिक कलह का परिणाम है.
पुलिस ने आरोपी छोटे भाई श्रवण बंजारे उम्र 26 साल निवासी रामनगर को हिरासत में ले लिया. उससे पूछताछ की जा रही है कि घटना के समय वास्तव में क्या हुआ और विवाद किस हद तक बढ़ा था. पड़ोसियों का कहना है कि दोनों भाइयों में पहले भी बहस होती रहती थी. लेकिन कभी किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला जानलेवा बन जाएगा. फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. यह घटना पारिवारिक तनाव से उत्पन्न हिंसा की एक और दर्दनाक मिसाल बनकर सामने आई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



