गाली-गलौज करने से मना करना पड़ा भारी, पड़ोसी पर चाकू से हमला, 56 वर्षीय आरोपी अवध राम साहू गिरफ्तार, लोगों में सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
Objecting to the use of abusive language proved costly, leading to a knife attack on a neighbor; the 56-year-old accused, Awadh Ram Sahu, has been arrested, while concerns regarding safety have been raised among the public.
धमतरी : धमतरी जिले में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं. आपसी विवाद और मामूली कहासुनी में चाकू से हमला किए जाने की घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. ताजा मामला करेलीबड़ी चौकी क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा का है, जहां गाली-गलौज से रोकने पर पड़ोसी ने युवक के पेट में चाकू से जानलेवा वार कर दिया. घटना में गंभीर रूप से घायल रोशन साहू का रायपुर के अस्पताल में आईसीयू में इलाज जारी है. पुलिस ने आरोपी अवध राम साहू उम्र 56 साल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थिया तामेश्वरी साहू ने पुलिस चौकी करेलीबड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा में उनका पड़ोसी अवधराम साहू आए दिन अपने घर की बाड़ी में गाली-गलौज करता था. 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 7:30 बजे प्रार्थिया के पति रोशन साहू और पड़ोसी चुम्मन साहू ने उसे गाली-गलौज करने से मना किया.
इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे धारदार स्टील के चाकू से रोशन साहू के पेट पर वार कर दिया. हमले में रोशन साहू गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें फौरन रायपुर के उर्मिला अस्पताल ले जाया गया. जहां आईसीयू में उनका इलाज जारी है.
पुलिस चौकी करेलीबड़ी ने अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 एवं 109(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया.
जांच के दौरान आरोपी के ब्यान के आधार पर उसके घर के आंगन में ईंट के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया वारदात में इस्तेमाल धारदार स्टील का चाकू बरामद किया गया. पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में चाकू जब्त कर लिया.
पुख्ता सबूत मिलने के बाद 24 अक्टूबर को आरोपी अवधराम साहू पिता स्व खोरबाहरा साहू, निवासी ग्राम धौराभाठा, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. वहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
आरोपी
अवधराम साहू पिता स्व खोरबाहरा साहू उम्र 56 साल निवासी ग्राम धौराभाठा, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



